प्रतापगढ़ : सोनपुर में मौलाना की हत्या के तीसरे दिन भी रहा सन्नाटा
पुलिस और पीएसी का गांव में पहरा,घर छोड़कर फरार हैं हत्यारोपी
प्रतापगढ़ अमृत विचार : जेठवारा थाना क्षेत्र के सोनपुर गांव में मौलाना की हत्या के तीसरे दिन भी सन्नाटा पसरा रहा। गांव में तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस और पीएसी को तैनात किया गया है। आरोपी फरार चल रहे हैं। परिवार के लोग घर छोड़कर चले गए हैं। गांव में सिर्फ खाकी की मौजूदगी ही दिखाई दे रही है। मौलाना के घर पर संवेदना व्यक्त करने वालों की भारी भीड़ जमा हो रही है।
शनिवार को सुबह भूमि विवाद में पैसे के लेनदेन को लेकर मौलाना फारूक की हत्या कर दी गई थी। वह आरोपी चंद्रमणि तिवारी के दरवाजे पर पहुंचे थे। किसी बात को लेकर चंद्रमणि तिवारी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर मौलाना फारुक के सिर पर कुल्हाड़ी और रॉड से वार कर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद आक्रोशित लोगों की भीड़ ने जमकर बवाल किया था।
लोगों को शांत कराने में डीएम संजीव रंजन,एसपी सतपाल अंतिल के भी पसीने छूट गए थे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रयागराज जोन के कई जनपदों की पुलिस को बुलानी पड़ गई। घटना के दूसरे दिन परिजनों के साथ कुछ समाज के बुजुर्गों की सूझबूझ के चलते रविवार की सुबह उनके परिजनों ने मौलाना के शव को पैतृक कब्रिस्तान में सुपुर्द ए खाक किया गया।
इसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। घटना के बाद तनाव को देखते हुए सुरक्षा के दृष्टिकोण से गांव में भारी संख्या में रात दिन पुलिस व पीएसी की तैनात कर दी गई है। घटना से भयभीत आरोपियों के परिवार के लोग घर छोड़ कर फरार हैं। उनके पड़ोसियों के घरों में भी ताला लटका हुआ है। एसओ जेठवारा धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि हत्या के दो आरोपियों को जेल भेजने के बाद अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
सोनपुर पहुंचे सांसद डॉ. एसपी सिंह पटेल जताई संवेदना
प्रतापगढ़ के नवनिर्वाचित सांसद डॉ.एसपी सिंह पटेल सोमवार को सोनपुर गांव पहुंचे। मौलाना फारूक की हत्या पर अफसोस और दुःख जताते हुए उनके परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाएगा। इस दौरान पट्टी विधायक राम सिंह पटेल सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
सांसद व विधायकों समेत 10 नेताओं की टीम 15 को पहुंचेगी सोनपुर
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर सोनपुर गांव में मौलाना फारूक की हत्या की जांच और जानकारी के लिए नवनिर्वाचित सांसद डॉ. एसपी पटेल के साथ पूर्व मंत्री और विधायक कमाल अहमद, नफीस अहमद,डॉ.आरके वर्मा, राम सिंह पटेल, पूर्व विधायक नागेंद्र सिंह मुन्ना यादव, मो.शकील नदवी, उदय वीर सिंह, गुलशन यादव, अब्दुल कादिर जिलानी का एक प्रतिनिधि मंडल 15 जून को सोनपुर जाएगा। सपा के नेता मौलाना फारूख की हत्या की जानकारी लेने के बाद पुलिस द्वारा अब तक की गई कार्रवाई की रिपोर्ट तैयार कर सपा मुखिया अखिलेश यादव को सौंपेंगे। उक्त जानकारी समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने दी है।
ये भी पढ़ें- बदायूं: शॉर्ट सर्किट से लगी आग, पांच लाख से ज्यादा का सामान जला...तीन बकरियों की जलकर मौत
