नोएडा पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीन बदमाशों को किया गिरफ्तार, एक फरार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा में पुलिस ने एक निजी कंपनी का टेंपो लूटने वाले तीन बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान तीनों बदमाश घायल हुए हैं जबकि एक फरार होने में कामयाब रहा। उन्होंने बताया कि बदमाशों के पास से लाखों रुपये का सामान बरामद किया गया।

अपर पुलिस उपायुक्त (द्वितीय) ह्रदेश कठेरिया ने बताया कि 10 जून को अज्ञात बदमाशों ने सूरजपुर थाना क्षेत्र में स्थित अमेजन वेयरहाउस से लाखों रुपए का सामान भर के जा रहे टेंपो के चालक के साथ मारपीट करके सारा सामान लूट लिया था। उन्होंने बताया कि मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस की कई टीमें बनाई गईं और सोमवार देर रात पुलिस को सूचना मिली की लूटे गए सामान को बदमाश बेचने के लिए निकले हैं। 

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने पक्षी विहार के पास बदमाशों को घेर लिया और खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस कर्मियों पर गोली चलाईं। उन्होंने बताया की जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाईं, जो बदमाशों के पैर में लगीं। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान सचिन उर्फ बिट्टू (गाजियाबाद), राहुल (हापुड़) और सनी (हापुड़) के रूप में हुई है। 

उन्होंने बताया कि तीनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया हालांकि इनका साथी मोनू उर्फ दीपक मौके से भागने में सफल रहा। अधिकारी ने बताया कि इन बदमाशों के पास से कंपनी के 26 पैकेट भी बरामद किये गये हैं साथ ही इनके कब्जे से तीन देसी तमंचे और कारतूस भी जब्त किये गये। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार बदमाशों ने लूटपाट की कई वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है।

यह भी पढ़ें:-गोंडा: उमरी और तरबगंज थानाध्यक्ष लाइन हाजिर, इटियाथोक SHO की भी गई कुर्सी, SP ने किया 10 थानाध्यक्षों की तैनाती में फेरबदल

संबंधित समाचार