Kanpur: नौतपा के बाद भी गर्मी का सितम बरकरार...हीट स्ट्रोक से छह लोगों की मौत की आशंका, पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर परेशान
कानपुर में अलग-अलग थानाक्षेत्रों में पड़े मिले शव
कानपुर, अमृत विचार। नौतपा खत्म होने के बाद भी गर्मी का सितम लगातार बरकरार है। नौतपा के कुछ दिनों में जहां रोजाना अलग-अलग थानाक्षेत्रों में दस से ज्यादा अज्ञात शव मिल रहे थे, वहीं अब शवों के मिलने की संख्या कम हुई है।
गोविंद नगर थानाक्षेत्र के शिवनगर विद्युत कालोनी निवासी 55 वर्षीय राजू वर्मा ई-रिक्शा चलाते थे। बेटी नेहा ने बताया कि वह दो दिन से घर नहीं आए थे। पुलिस ने सूचना दी कि गुलाबराज के सामने सड़क पर उनका शव पड़ा मिला है। इसी प्रकार बाबूपुरवा थानात्रक्षेत्र में द्वारिकापुरी बाजार सीसामऊ के रहने वाले 36 वर्षीय प्रमोद कुमार का शव टाटमिल के पास पड़ा पाया गया।
भाई विनोद ने बताया कि वह ई-रिक्शा चलाता था। भाई ने गर्मी के कारण मौत होना बताया है। मूलगंज थानाक्षेत्र में एक 60 वर्षीय बुजुर्ग का शव पड़ा मिला। उसकी पहचान नहीं हो सकी। बिधनू थानाक्षेत्र में टीकर मथई निवासी 70 वर्षीय दिलजले नमक फैक्ट्री में काम करके वहीं रहते थे। रविवार को काम करके खाना खाकर सो गए थे। लेकिन सोमवार सुबह उनका शव पड़ा मिला।
परिजनों ने गर्मी से मौत की आशंका जताई है। वहीं जीआरपी को कानपुर सेंट्रल में सिटी साइड के अंदर टिकट घर के पास 40 वर्षीय व्यक्ति मृत मिला। पुलिस की जांच में उसका नाम अशोक प्रजापति निवासी गोरा हथगांव फतेहपुर है। इसी तरह सेंट्रल स्टेशन में इंटरसिटी के अंदर 53 वर्षीय गुलाब सिंह निवासी धमना माधौगढ़ जालौन का शव पड़ा पाया गया। जीआरपी ने हीट स्ट्रोक से मौत होने की आशंका जताई है।
चार दिन बाद एसी लगा तो बोर्ड फुंक गया
पोस्टमार्टम हाउस में अज्ञात शवों के लिए अलग से एक अस्थाई कमरा बनाया जा रहा है। कर्मचारी वहां एसी लगाने पहुंचे लेकिन शवों को देखकर भाग निकले थे। रविवार शाम को एक कर्मचारी ने दो एसी फिट कर दिए। सोमवार को एक एसी का बोर्ड लोड के कारण फुंक गया। जिससे पोस्टमार्टम करने में डॉक्टरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
