शाहजहांपुर: जबरन राजीनामा लिखवाने पर दुष्कर्म पीड़िता ने खाया जहर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। पुवायां में दुष्कर्म पीड़िता ने जहर खा लिया। पीड़िता को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। पीड़ित युवती की हालत खतरे से बाहर बताई जाती है। एक युवक नौकरी का झांसा देकर युवती को लखनऊ ले गया था और उसके साथ दुष्कर्म किया था। आरोपी ने धमकी देकर जबरन राजीनामा लिखवा लिया था। इसी से आहत होकर पीड़िता ने जहर खा लिया था।

पुवायां थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती ने बताया कि दो वर्ष पूर्व वह बहन के घर दिल्ली जा रही थी। रास्ते में खुटार क्षेत्र का एक युवक से उसका संपर्क हो गया। युवक ने अपने आप को कृषि विभाग का अधिकारी बताकर एक लाख रुपये की नौकरी दिलाने की बात कही थी। आरोप है कि तीन जून को आरोपी नौकरी दिलाने के नाम पर लखनऊ ले गया। जहां उसने होटल में एक कमरा किराए पर लिया। नौकरी दिलाने के नाम पर आरोपी ने 50 हजार रुपये भी ले लिए। 

आरोप है कि आरोपी ने कोल्ड ड्रिंक में नशीली गोलियां मिलाकर पिला दी, जिससे युवती बेहोश हो गई। आरोप है कि उसने उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील फोटो भी बना लिए है। आरोपी ने युवती को धमकी दी थी कि कहीं शिकायत की तो अश्लील वीडियो वायरल कर देगे। 

युवती का आरोप है कि सोमवार को पुवायां में एक स्थान पर उससे जबरन समझौता लिखवा लिया। इससे आहत होकर युवती ने मंगलवार की सुबह जहर खा लिया। परिवार वाले उसे पुवायां सीएचसी पर लेकर आए। डाक्टर ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुवायां प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार राय ने बताया कि पीड़िता की तरफ से तहरीर मिल गयी है और जांच की जा रही है।

ये भी पढे़ं- शाहजहांपुर: धर्म छिपाकर युवती से बनाए संबंध, अश्लील वीडियो बनाकर करता रहा शोषण

 

 

संबंधित समाचार