बरेली में सांड का कहर जारी, हमले में एक और युवक की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भमोरा, अमृत विचार: दसवां संस्कार में शामिल होकर घर लौट रहे युवक पर सांड ने हमला कर दिया। ग्रामीणों ने किसी तरह से युवक को बचाकर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

भमाेरा के ग्राम फिरोजपुर निवासी राधेश्याम (38) मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करते थे। वह बुधवार सुबह 10 बजे रामगंगा किनारे गांव के श्याम बिहरी के दसवां संस्कार में शामिल होने गए थे। वहां से लौटते समय रास्ते में सांड ने हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। चीख पुकार सुनकर ग्रामीणों ने उन्हें बचाया। इसके बाद लोग उन्हें सीएचसी लेकर पहुंचे। 

यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। भमोरा पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना पर हल्का लेखपाल परविंदर सिंह ने मौका मुआयना कर रिपोर्ट एसडीएम को दी। राधेश्याम के पांच बच्चे हैं। उन्हीं के कंधों पर पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी। उनकी मौत से परिजन सदमे में हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सांड को पकड़वाने की मांग की है।
चुनाव में भी दिखा सांड मुद्दे का असर

लोकसभा चुनाव में सांड का मुद्दा काफी छाया रहा। लोगों की नाराजगी भी दिखी, इसका असर चुनाव परिणाम में भी देखने को मिला। चुनाव से पहले भी जिले में सांड के हमले में कई लोगों की जान जाने की घटनाएं हो चुकी थीं। इसके अलावा सांडों से फसलों के बचाव के लिए किसान रात-रात जगते हैं। लोग सांडों के पकड़ने की लगातार मांग कर रहे हैं।

07 फरवरी 2024: शहर में नेकपुर गौंटिया के 65 वर्षीय राजवीर सिंह की सांड के हमले में गंभीर घायल होने के बाद मौत हो गई।

03 फरवरी 2024: दुनका के सिहौर गांव में घर के बाहर बैठे बुजुर्ग जागनलाल पर सांड ने हमला किया। उनकी मौत हो गई।

24 जनवरी 2024: संजयनगर में सुबह टहलने निकले बुजुर्ग करुणाशंकर पांडेय की भी सांड के हमले में जान चली गई थी।

30 दिसंबर 2023: क्योलड़िया में मस्जिद के मुतवल्ली की जान लेने के साथ सांड ने एक महिला को भी घायल कर दिया था। एक कुत्ता भी मार डाला था।  

23 दिसंबर 2023: सिरौली के गांव मोहरसिंह गौंटिया के बाबूराम को खेत पर जाते समय सांड ने रास्ते में पटक-पटककर मार डाला। 

01 दिसंबर 2023: को फतेहगंज पूर्वी में खेत की रखवाली कर रहे किसान एक सांड ने पटक-पटककर मार डाला था।

31 अक्टूबर 2023 : भमोरा के गांव सिरसा के देवेंद्र खेत में गुलाब तोड़ने गए थे जहां गोवंशीय पशुओं के झुंड ने हमला कर जान ले ली।  

अक्टूबर 2023 : बहेड़ी के गांव पृथ्वीपुर में किसान भीमसेन की सांड के हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद मौत हो गई थी। 

अगस्त 2023 : आंवला के गांव किसनपुर के भूरे मौर्य झोपड़ी में सो रहे थे। इसी दौरान सांड ने हमला कर उन्हें मार दिया था।

यह भी पढ़ें- बरेली: युवक ने पाकिस्तानी पत्नी को जमकर पीटा, फिर दे दिया तीन तलाक

संबंधित समाचार