बिजली आपूर्ति में लापरवाही पर मुरादाबाद व गाजियाबाद के तीन अभियंता समेत चार निलंबित
घटिया केबिल के जरिये हो रही थी क्षेत्रों में आपूर्ति
राज्य ब्यूरो, लखनऊ/अमृत विचार। बिजली आपूर्ति में लापरवाही पर मुरादाबाद व गाजियाबाद के तीन अभियंता समेत चार बिजली कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। इन कर्मियों पर बिजली आपूर्ति के लिए खराब गुणवत्ता की एलटी केबिल लगाये जाने का आरोप है। कर्मियों पर पश्मिांचल विद्युत वितरण निगम प्रबंधन ने कार्रवाई की।
निलंबित कर्मियों में अधिशासी अभियंता विद्युत नगरीय परीक्षण खंड-तृतीय गाजियाबाद शेर सिंह, अधिशासी अभियंता विद्युत भंडार खंड मुरादाबाद रोहताश सिंह जंगपंगी, सहायक अभियंता विद्युत भंडार खंड मुरादाबाद मनोज कुमार व भंडार अधीक्षक विद्युत भंडार खंड मुरादाबाद अमित कुमार शामिल हैं।
मुरादाबाद के विद्युत वितरण उपखंड-तृतीय बिलारी में एलटी केबल क्षतिग्रस्त होने के कारण बिजली आपूर्ति लंबी अवधि के लिए बाधित हुई। इस कारण उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। जांच कराए जाने पर एलटी केबल मानक के अनुरूप नहीं पाया गया। यह एलटी केबल मेसर्स वी मार्क इंडिया लिमिटेड की ओर से आपूर्ति किया गया था। इसकी गुणवत्ता के सम्बंध में निरीक्षण व परीक्षण अधिशासी अभियंता विद्युत नगरीय परीक्षण खंड-तृतीय गाजियाबाद शेर सिंह ने किया गया।
इस एलटी केबिल को विद्युत भंडार खंड मुरादाबाद में सहायक अभियंता मनोज कुमार व भंडार अधीक्षक विद्युत भंडार खंड मुरादाबाद अमित कुमार के जरिये मात्रा व गुणवत्ता की जांच के बाद प्राप्त किया गया था। इन अभियंताओं पर कर्तव्यों व दायित्वों का उचित निर्वहन न करने, निगम की छवि धूमिल करने, विभाग को वित्तीय हानि पहुंचाने व घोर लापरवाही बरतने का आरोप है।
ये भी पढ़ें- बरेली: शीशम के पेड़ पर लटका मिला युवक का शव, तफ्तीश में जुटी पुलिस
