मुरादाबाद : प्रॉपर्टी विवाद को लेकर चचेरे भाई ने मारी गोली, बाल-बाल बचा नवाब

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाएं पैर में लगी है गोली, घर वालों ने जिला अस्पताल में कराया है भर्ती, अस्पताल पहुंचे सीओ कटघर ने घायल व परिजन से की पूछताछ

मुरादाबाद। परिवार में प्रॉपर्टी विवाद में आरोपी ने अपने चचेरे भाई को गोली मार दी है। गोली लगने से घायल व्यक्ति को जिला अस्पताल में लाकर भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पाकर सीओ कटघर रुद्र कुमार सिंह और एसएसआई सोमपाल सिंह जिला अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने घायल से पूछताछ की है। बताया जा रहा है कि पक्ष-विपक्ष, दोनों के बीच काफी दिनों से प्रॉपर्टी को लेकर पारिवारिक विवाद चल रहा है। गोली लगने से घायल मोहम्मद नवाब जुम्मे की नमाज पढ़कर वापस घर लाजपतनगर लौट रहा था। घर के पास ही आरोपी ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज के बाद उसे गोली मार दी। 

अस्पताल में मौजूद घायल के बहनोई जमीर अहमद ने बताया कि घायल मोहम्मद नवाब उनका साला है। वह कटघर थाना क्षेत्र के गलशहीद चौराहे के पास रहते हैं। गोली नवाब के बाएं पैर में लगी है। घायल के भाई तंजीम की पत्नी फरहा ने बताया कि घायल मोहम्मद नवाब तीन भाइयों में सबसे छोटे हैं। इनसे सबसे बड़े भाई मोहम्मद नईम हैं। ये तीनों भाई और उनका परिवार लाजपतनगर वाले तीन मंजिला मकान में रहता है। इसी मकान में उनके चचेरे भाई हिस्से पाने को विवाद कर रहे हैं। यह मकान लाजपतनगर में साईं मंदिर के ठीक सामने है। घायल के भाई मोहम्मद तंजीम ने बताया कि उनके परिवार के महरीन व नदीम हैं, जो काफी समय से संपत्ति को लेकर खतरा बने हुए हैं। बताया कि उनकी अम्मा ने संपत्ति का बंटवारा किया था, उनका इंतकाल हो चुका है। 

अब अरोपी दोनों भाई कह रहे है कि मुझे भी संबंधित इस संपत्ति में हिस्सा दो नहीं तो गोली मारकर एक-एक कर चारों भाइयों को खत्म कर दूंगा। जिसमें शुक्रवार को मोहम्मद नवाब को जान से मारने की नियत से गोली मारी है। गनीमत रही कि गोली उनके कूल्हे के नीचे पैर में लगी है। घायल नवाब अपने चार भाइयों में सबसे छोटा है। मोहम्मद तंजीम ने बताया कि उन्होंने पहले भी इन्हीं आरोपियों के विरुद्ध सीओ को तहरीर दी थी। वह थाने पर आकर दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया था। इधर, अब फिर दोनों भाई बवाल करने पर उतारू दिख रहे थे। तमंचा लेकर घूम रहे थे। कुछ पहले इन लोगों ने कुछ अपरिचित लोगों को हमला करने के लिए भेजा था। आरोप है कि इनका जुआ व सट्टे का काम है। 

सीओ ने कहा, पूरे मामले में हो रही जांच 
सीओ कटघर रुद्र कुमार सिंह ने बताया कि घायल पक्ष लाजपतनगर के हैं। इनका पारिवारिक विवाद है। वैसे यह मामला पहले भी मेरे संज्ञान में नहीं आया और न ही कभी पक्ष-विपक्ष मेरे सामने आए। प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि हमलावर घायल पक्ष से संपत्ति में अपना हिस्सा मांग रहा है, जबकि घायल पक्ष कह रहा है कि उनका आपस में चार पहले ही संपूर्ण संपत्ति का बंटवारा हो चुका है। इसी बात पर आरोपी पक्ष ने मोहम्मद नवाब पर फायर किया है, जिसमें वह घायल हुआ है। सीओ ने बताया है कि उन्हें पता चला है कि जिसने नवाब को गोली मारी है, उसकी कुछ संपत्ति गलशहीद में थी। जिसे उसने बेच दिया था। अब वह लाजपत नगर वाले तीन मंजिल मकान में भी हिस्सा मांग रहे हैं। सीओ ने कहा कि पूरा मामला क्या है, यह पक्ष-विपक्ष से पूछताछ में ही पता चलेगा। घटना में आरोपी पक्ष अभी पकड़ में नहीं आया है।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : अस्पताल के टॉयलेट में फ्लश पर रखा मिला नवजात, जांच में जुटी पुलिस

संबंधित समाचार