मुरादाबाद : गंगा दशहरा 16 जून को, जिलाधिकारी ने किया घाट का निरीक्षण
घाटों पर महिलाओं के लिए अस्थायी चेंजिंग रूम बनवाने का दिया निर्देश
गंगा दशहरा पर होने वाले स्नान को लेकर नदी के घाट का निरीक्षण करते जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह, साथ में सिटी मजिस्ट्रेट किंशुक श्रीवास्तव व अन्य।
मुरादाबाद, अमृत विचार। गंगा दशहरा पर नदियों में स्नान को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। शुक्रवार को जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने अटल घाट और काली मंदिर घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने घाटों पर सफाई कराने व महिलाओं के लिए अस्थायी चेजिंग रूम बनवाने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने नगर निगम के अधिकारियों को अभियान चलाकर घाटों पर सफाई व्यवस्था बेहतर करने के लिए कहा। इन दोनों घाटों पर महिलाओं के लिए अस्थाई चेजिंग रूम बनवाने, पर्याप्त पेयजल का प्रबंध करने का निर्देश दिया। कहा कि गंगा दशहरा के लिए सभी की जिम्मेदारी तय की गई है। इसमें कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाये। निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट किंशुक श्रीवास्तव, डिप्टी कलेक्टर प्रीति सिंह सहित अन्य विभागों के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
गंगा दशहरा स्नान के लिए छोड़ा जा रहा 2500 क्यूसेक पानी
गंगा दशहरा पर स्नान में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कालागढ़ बांध से 12 जून से प्रतिदिन 500 क्यूसेक पानी गंगा नदी में छोड़ा जा रहा है। जरूरत पड़ने पर यह क्षमता बढ़ सकती है। सिंचाई कार्य मंडल मुरादाबाद के अधीक्षण अभियंता राजीव मित्तल ने बताया कि गंगा दशहरा पर स्नान को देखते हुए जिला प्रशासन की मांग पर कालागढ़ बांध से 12 से 16 जून तक प्रतिदिन 500 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। जरूरत पड़ने पर इसकी क्षमता बढ़ाई जा सकती है। मुरादाबाद और उसके आसपास गंगा दशहरा पर्व पर लाखों की संख्या में श्रद्धालु रामगंगा में स्नान करते हैं। लगातार कम हो रहे जल स्तर के कारण रामगंगा नदी का जल स्तर भी काफी कम हो गया है। जिसके चलते श्रद्धालुओं की सुविधाओं के मद्देनजर आवश्यकता अनुसार रामगंगा नदी में पानी छोड़ा जा रहा है। कालागढ़ जलाशय से लगातार 12 जून से प्रतिदिन 500 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। यह क्रम 16 जून तक जारी रहेगा।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : प्रॉपर्टी विवाद को लेकर चचेरे भाई ने मारी गोली, बाल-बाल बचा नवाब
