ओवर स्पीडिंग : बेकाबू डीसीएम की टक्कर से चूना व्यापारी की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नशे में धुत था आरोपी, लोगों ने पकड़ कर पुलिस को सौंपा, कृष्णानगर क्षेत्र में हुआ हादसा, बंथरा निवासी था व्यापारी

अमृत विचार, लखनऊ/आलमबाग । कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र में नशे में धुत डीसीएम चालक ने चूना व्यापारी को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल व्यापारी को पुलिस ने अस्पताल भेजा। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। व्यापारी साइकिल से दुकानों पर चूना सप्लाई करने घर से निकला था। हादसे के बाद भागने का प्रयास कर रहे आरोपी को लोगों ने पकड़ कर पुलिस को साैंप दिया।

उप निरीक्षक हरिकिशन के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर कृष्णा नगर मेट्रो स्टेशन के नीचे कानपुर की तरफ से आई तेज रफ्तार डीसीएम ने बेकाबू होकर साइकिल सवार बुजुर्ग काे टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी चालक नशे में धुत था। उसने भागने का प्रयास किया। आसपास के लोगों ने उसे पकड़ कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर घायल बुजुर्ग को इलाज के लिये लोकबंधु अस्पताल भेज दिया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

तलाश में मिले पहचान पत्र से बुजुर्ग की पहचान कल्लू चौरसिया (65) निवासी ग्राम रसूलपुर भटगांव, थाना बंथरा के रूप में हुई है। जानकारी पर पहुंचे परिजन ने बताया कल्लू चूना व्यापारी थे। वह पान दुकानों में चूना सप्लाई करते थे। रोज की तरह ही सुबह साइकिल से दुकानों को चूना सप्लाई करने निकले थे। उनके परिवार में पत्नी कृष्णा व दो बेटे अजीत, संतोष व एक अविवाहित बेटी ज्योति है। बताया डीसीएम चालक की पहचान बरता सिंह निवासी पानीपत के रूप में हुई है। कहा पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिये भेजा है। परिजन की तरफ से प्रार्थना- पत्र मिलने पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।

यह भी पढ़े- लखनऊ: 100 से अधिक बार रक्तदान कर चुके हैं डॉ. सूर्यकान्त, राज्यपाल ने किया सम्मानित

संबंधित समाचार