मुरादाबाद: व्यवस्था बदहाल, कहीं टूटी टोटी तो कहीं वाटर कूलर खराब, कई स्थानों पर खराब पड़े सार्वजनिक प्याऊ
मुरादाबाद, अमृत विचार। एक तरफ गर्मी से लोग परेशान हैं। ऊपर से महानगर में सार्वजनिक प्याऊ की स्थिति बदहाल है। लोग प्यास बुझाने के लिए भटक रहे हैं। उन्हें सिर्फ बोतलबंद पानी का सहारा है। क्योंकि महानगर में कई स्थानों पर सार्वजनिक पेयजल व्यवस्था ध्वस्त है। कहीं वाटर कूलर खराब हैं, तो कहीं पानी की टोटी टूटी हुई है।

शुक्रवार को अमृत विचार की टीम ने महानगर में सार्वजनिक प्याऊ की स्थिति की पड़ताल की। दोपहर 12 बजे पीलीकोठी चौराहे पर नगर आयुक्त आवास के पास बने जलशाला पर एक टोटी में पानी आ रहा था, बाकी दो टोटियां टूटी हुई थीं। आसपास के लोगों ने बताया कि यह टोटियां काफी समय से टूटी हुई हैं। उसी दौरान एक मुन्ना नाम का ई-रिक्शा चालक वहां आया। उसने टंकी से पानी भरा, लेकिन पानी भरते ही वह मायूस हो गया। मुन्ना ने बताया कि मुझे बहुत तेज प्यास लगी थी, लेकिन पानी ठंडा न होने के कारण मेरी प्यास नहीं बुझ सकी।

दोपहर 12:45 बजे : मेथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कालेज स्थित रोटरी जलशालामेथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कॉलेज पर बनी रोटरी जलशाला की टोटियां टूटी हुई हैं। जो सही हैं उनमें भी पानी गर्म आ रहा है। वहां आसपास के लोगों ने बताया कि रोटरी जलशाला में काफी समय से ऐसी स्थिति है। पीने के पानी के लिए हम लोग नगर निगम कार्यालय से पानी भर कर लाते हैं। रोटरी जलशाला का लोकार्पण रोटरी मंडल अध्यक्ष हरि गुप्ता के द्वारा 29 जून 2020 को किया गया था।

दोपहर 2:00 बजे, खुशहालपुर चौराहा : खुशहालपुर चौराहे पर लगा वाटर कूलर बंद मिला। यह वाटर कूलर 2018-2019 में विधायक निधि से लगाया गया था। आसपास के लोगों ने बताया कि यह वाटर कूलर काफी समय से बंद पड़ा है। पेयजल की समस्या गर्मी में और बढ़ गई है। यहां आसपास कहीं भी सार्वजनिक रूप से पानी की व्यवस्था नहीं है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : गंगा दशहरा 16 जून को, जिलाधिकारी ने किया घाट का निरीक्षण
