जिन्दा नहीं रहूंगा...कह कर सस्पेंड कांस्टेबिल ने गर्रा नदी में लगाई छलांग
पीलीभीत ज़िले में तैनात कांस्टेबिल इंस्पेक्टर (क्राइम) और सीबीआई अफसर बन कर करता था लूट
हरदोई, अमृत विचार। कहीं इंस्पेक्टर (क्राइम) तो कहीं सीबीआई अफसर बन कर लूट करने वाले सस्पेंड कांस्टेबिल ने शनिवार को साण्डी थाने के बरौलिया के पास गर्रा नदी में छलांग लगा दी,इससे पहले उसने अपने पिता को फोन पर बताया था कि वह ज़िंदा नहीं रहेगा, गर्रा नदी में जान दे देगा। इसका पता होते ही वहां पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश शुरु कर दी है। खबर लिखे जाने तक उसका कुछ भी पता नहीं चल सका था।
बताया गया है कि अरवल थाने के खद्दीपुर चैनपुर निवासी रामू सिंह पुत्र देवेन्द्र सिंह की 2018 में पुलिस में भर्ती हुई थी। पीलीभीत के पूरनपुर थाने में उसकी तैनाती थी।रामू सिंह अपनी पत्नी रश्मि सिंह के साथ वहीं रहता था। पीलीभीत में एक सनसनीखेज़ खुलासा हुआ,जिसमें बताया गया कि रामू सिंह अपने पिछले दिनों वहां गैंग बना कर लूट करता था। अपने गैंग के सरफराज़,कल्लू उर्फ कलुआ और कुछ साथियों के साथ कहीं इंस्पेक्टर (क्राइम) तो कहीं सीबीआई अफसर बन कर लूटपाट को अंजाम दे रहा था। जांच में कांस्टेबिल रामू सिंह पर लगाए गए आरोप सच साबित होने पर कांस्टेबिल रामू सिंह को सस्पेंड कर उसे व उसके साथियो सरफराज़ व कल्लू उर्फ कलुआ के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। इस मामले से पीलीभीत पुलिस की काफी फज़ीहत हुई थी।
बताते है कि वहां से ज़मानत पर छूटने के बाद रामू अपनी पत्नी रश्मि को गांव ले कर पहुंचा और उसे वहीं छोड़ कर पीलीभीत चला गया था। पिता देवेन्द्र सिंह ने बताया कि शनिवार की रात में रामू ने उससे फोन पर कहा कि वह ज़िंदा नहीं रहेगा,गर्रा नदी में जान दे देगा,उसके बाद उसने साण्डी थाने के बरौलिया के पास गर्रा नदी में छलांग लगा दी। उसके बाद से लगातार तलाश की जा रही है। गोताखोरों को भी लगाया गया है,लेकिन खबर लिखे जाने तक उसका कुछ भी पता नहीं चल सका था।
रायबरेली में थी ससुराल
पीलीभीत ज़िले में तैनात कांस्टेबिल रामू सिंह की शादी करीब तीन साल पहले रायबरेली की रश्मि सिंह के साथ हुई थी। शादी के कुछ ही दिनों के बाद से वह पत्नी को अपने साथ पीलीभीत ले गया था और वहीं रह रहा था। वहां लूटपाट के मामले में जेल जाने के बाद जब वह जेल से ज़मानत पर छूटा तो पत्नी को गांव आ कर छोड़ गया था।
ये भी पढ़ें -लखनऊ में थूक लगाकर मसाज करने का वीडियो वायरल, सैलून कर्मचारी हिरासत में
