Kanpur News: जगराता करते बीत रही रात, समय से नहीं बन रहे फॉल्ट...केस्को ने किया ये दावा
भीषण गर्मी में एक दर्जन मोहल्लों में पूरी रात नहीं रही बिजली
कानपुर, अमृत विचार। भीषण गर्मी में बिजली संकट शहरवासियों पर कहर बनकर टूट रहा है। आलम ये है कि लोगों को पूरी रात जागकर बितानी पड़ रही है। समय पर फाल्ट तक नहीं बन पा रहे। रविवार रात शास्त्री नगर, पोखरपुर मक्का कंपाउंड, अर्रा, गुजैनी, दबौली, आवास-विकास तीन, पुराना कानपुर, श्याम नगर, रावतपुर सैय्यद नगर, सिंचाई विभाग कॉलोनी व मालरोड समेत एक दर्जन से अधिक क्षेत्रों में पूरी रात बिजली का संकट रहा।
सोमवार सुबह विकास नगर, जवाहर नगर, रावतपुर, बसंत विहार, अशोक नगर, लाजपत नगर, आवास-विकास हंसपुरम, पशुपति नगर, मॉलरोड समेत 40 से अधिक क्षेत्रों में बिजली का संकट रहा। इसके अलावा कई क्षेत्रों में लो वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या रही।
केस्को का दावा : 23 घंटे 42 मिनट रही बिजली
केस्को अधिकारियों का दावा है कि 16 जून को शहर में 23 घंटे 42 मिनट विद्युत आपूर्ति रही। अधिकतम लोड 631 मेगावाट रहा। केस्को मीडिया प्रभारी श्रीकांत के मुताबिक मेट्रो वर्कशॉप में आग लगने की सूचना पर सुरक्षा की दृष्टि से बकरमंडी फीडर की आपूर्ति सुबह साढ़े छह बजे से सात बजे तक और लोड बैलेंस व अनुरक्षण कार्य की वजह से दबौली फीडर की आपूर्ति दोपहर साढ़े 12 बजे से दो बजे तक नहीं थी।
आज यहां नहीं रहेगी बिजली
केस्को मीडिया प्रभारी श्रीकांत के मुताबिक मंगलवार को जरीबचौकी विवेकानंद पार्क एक, कंपनीबाग चौराहा, पीरोड, सीसामऊ मार्केट, भैरमपुर गांव, सुजातगंज के डीआईजी पार्क, हंसपुरम के काली मंदिर क्षेत्र, आंबेडकरपुरम सेक्टर आठ, केशवपुरम के नीलम मेमोरियल व रावतपुर में बिजली गुल रहेगी। इन क्षेत्रों में बिजली सुबह आठ बजे से दोपहर 12 बजे तक नहीं रहेगी।
बोले लोग….
कल्याणपुर निवासी एडवोकेट विक्रम सिंह राजावत ने बताया कि ट्रांसफार्मरों की संख्या कम है और लोड अधिक है, जिस वजह से फाल्ट हो रहे हैं। केस्को के पास गैंग की भी कमी है, जिस वजह से फाल्ट समय पर नहीं बन रहे हैं।
आईटी सोसाइटी निवासी मेहंदी कुशवाहा ने बताया कि भीषण गर्मी में रात को घंटों तक बिजली नहीं आने से परेशानी हो रही है। केस्को के हेल्पलाइन नंबरों पर कॉल करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
अशोक नगर निवासी पुनीत उपाध्याय ने बताया कि क्षेत्र में बिजली लगातार काटी जा रही है, जितनी देर आ भी रही है तो लो वोल्टेज की समस्या बनी रहती है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बावजूद बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है।
पीरोड निवासी शिवम पोरवाल ने बताया कि भीषण गर्मी में प्रतिदिन सुबह लेकर दोपहर तक बिजली कटौती की जा रही है। इसके बाद रात को भी बिजली संकट रहता है, जिस कारण लोग परेशान हैं।
