हरदोई में हीट वेव से फिर हुई दो की मौत!... भीषण गर्मी से तप रहा जिला
हरदोई/मल्लावां, अमृत विचार। लगातार पारे के चढ़ने-उतरने के बीच हीट वेव का पारा जहां का तहां अटका हुआ है। गर्म हवा के थपेड़े लगातार जानलेवा साबित होते जा रहें है। मंगलवार को बस कंडक्टर की मौत के बाद उसी दिन शाम को मल्लावां कोतवाली में तैनात चौकीदार और गंगा एक्सप्रेस-वे पर मक्का सुखा रहे किसान की मौत होने से हड़कंप मचा हुआ है।
बताया गया है मल्लावां कोतवाली के काज़ीपुर फरहतनगर निवासी 45 वर्षीय राजेंद्र पुत्र सोहन मल्लावां कोतवाली में चौकीदार था। मंगलवार की दोपहर तेज़ गर्मी की वजह से उसकी हालत बिगड़ गई। घर वाले उसे उठा कर सीएचसी की तरफ भाग खड़े हुए,लेकिन बीच रास्तें में उसकी मौत हो गई। चौकीदार राजेंद्र के भाई सर्वेश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में गर्मी के चलते मौत होने की बात कही है। पुलिस सारे मामले की जांच कर रही है।
वहीं दूसरी तरफ मल्लावां कोतवाली के ही मुस्तफाबाद निवासी 48 वर्षीय रामकिशन पुत्र मिट्ठू मंगलवार को गंगा एक्सप्रेस-वे के ऊपर मक्का डालकर सुखा रहा था। उसी बीच उसे एका-एक तेज़ गर्मी लगने लगी,जिस पर वह पेड़ के नीचे लेट गया। शाम को मान सिंह पुत्र रामशरण वहां ट्रैक्टर ले कर पहुंचा,जहां उसने रामकिशन को आवाज़ दी,लेकिन उसकी तरफ से कोई जवाब नहीं आया और कोई हरकत भी नहीं हुई। उसने रामकिशन के घरवालों को बताया।
भाई राम नरेश ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि गर्मी के चलते उसके बडे भाई की मौत हुई। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्ज़े लेते हुए उनका पोस्टमार्टम कराया है। एसएचओ मलावां निर्भय सिंह ने बताया कि तहरीर के मुताबिक दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। हीट वेव के चलते लगातार हो रहीं मौतों से हर कोई काफी डरा-सहमा हुआ है।
ये भी पढ़ें -बरेली: 29 साल का टूटा रिकॉर्ड, 138 साल में तीसरी सबसे अधिक गर्म रही रात
