बाराबंकी: सीएचसी में लगातार हो रही चोरियां-सीसीटीवी में दिखा अज्ञात शख्स
फतेहपुर/ बाराबंकी, अमृत विचार। कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में चोरों का बोल बाला हो गया है। यहां से कर्मचारियों का पर्स और मोबाईल फोन चोरी होते देर नही लगती है। बीती रात चोर ने एक नर्स के पर्स व मोबाईल फोन पर अपना हाथ साफ कर दिया। पुलिस सीएचसी में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने में जुट गयी है।
मालूम हो कि कोतवाली फतेहपुर से चार कदम की दूरी पर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र फतहपुर स्थित है। जहां पर आये दिन चोर घुस आते हैं और स्टाॅफ के लोगों के पर्स और मोबाइल पलक झपकते ही चोरी कर ले जाते हैं। शहर में विकास भवन के हनुमान पुरी कॉलोनी निवासी सुरभि शुक्ला जो कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र फतेहपुर में नर्स के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने प्रार्थना-पत्र देकर आरोप लगाया है कि बीती रात्रि लगभग 11 बजे में पीड़िता मरीज के इलाज हेतु लेबर रूम में कार्य कर रही थी। उसका मोबाइल व पर्स स्टाफ रूम में रखा हुआ था। तभी शातिर चोर स्टाफ रूम के अंदर जाकर वहां से पीडित का मोबाइल व पर्स चोरी करके फरार हो गया। पर्स में लगभग ढाई हजार रूपये थे। पीड़िता ने इसकी लिखित तहरीर पुलिस को दी है। नर्स नें सीसीटीवी में किसी अज्ञात शख्स के दिखने की बात भी कही है। पुलिस सीएचसी में लगे सीसीटीवी कैमरों की छानबीन करके चोर का पता लगाने मे जुट गई है। कोतवाल डीके सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस पर सवालिया निशान
दो दिन पहले भी एएनएम उर्मिला का बैग सीएचसी से चोरी हो चुका था। लेकिन पुलिस की सुस्त कार्यशैली के चलते चोरों के हौसले बुलंद हैं। अक्टूबर माह 2023 में भी सुरभि मिश्रा व मंजू मिश्रा का मोबाईल फोन यहां से चोरी हो चुका है। कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर स्थित सीएचसी में चोरी की घटनाओं का होना कहीं न कहीं पुलिस की कार्यशैली पर भी सावालिया निशान उठा रहे हैं।
ये भी पढ़ें -हरदोई में हीट वेव से फिर हुई दो की मौत!... भीषण गर्मी से तप रहा जिला
