Unnao Accident: पिकअप और कंटेनर की आमने-सामने भिड़ंत, चालक की मौत...कटर से काटकर निकाला गया शव
उन्नाव में पिकअप और कंटेनर की आमने सामने भिड़ंत
उन्नाव, अमृत विचार। हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के मोहान बांगरमऊ मार्ग के अकबरपुर तिराहे पर बुधवार देर रात पिकअप और कंटेनर में आमने सामने भिड़ंत हो गई। घटना में पिकअप चालक गंभीर रुप से घायल हो गया।राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पिकअप चालक को गंभीर हालत में इलाज के लिये सीएचसी में भर्ती कराया। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा है।
लखनऊ जनपद के काकोरी थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी सतेंद्र (28 ) पुत्र कृष्णपाल पिकअप चालक था। बुधवार वह पिकअप में टमाटर लाद कर लखनऊ की तरफ जा रहा था। इस दौरान मोहान बांगरमऊ मार्ग के अकबरपुर तिराहे के पास सामने से आ रहे कंटेनर से पिकअप की जोरदार भिड़ंत हो गई।
घटना में पिकअप चालक सतेंद्र क्षतिग्रस्त पिकअप में बुरी तरीके से फस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हाइड्रा की मदद से क्षतिग्रस्त पिकअप को कटर से काटकर चालक को बाहर निकाल कर इलाज के लिये गंभीर हालत में सीएचसी में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी। मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। मां सरोजनी देवी सहित पत्नी कविता का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाली प्रभारी चंद्र कांत मिश्रा ने बताया कंटेनर और पिकअप में टक्कर हुयी थी। जिसमें पिकअप चालक की मौत हुई है। शव पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है।
ये भी पढ़ें- Kanpur Murder: छत पर सोता रहा पिता, नीचे बेटे की हो गई हत्या...घर के करीबी पर वारदात का शक
