Banda: राज्यमंत्री के निजी सचिव पर अफसरों को पीटने का आरोप...मुख्य अभियंता कार्यालय में साथियों के साथ जल शक्ति मंत्री ने किया था हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीड़ित अधिशासी अभियंता और सहायक अभियंता ने कोतवाली में दी तहरीर, एसपी से मिले

बांदा, अमृत विचार। जल शक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद के निजी सचिव संजय निषाद और उनके साथियों पर बुधवार रात मुख्य अभियंता कार्यालय में बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से मारपीट का आरोप लगा है। पीड़ित अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर मामले की शिकायत की और इसके बाद कोतवाली में तहरीर भी दी। पुलिस अधीक्षक ने दोषियों के विरुद्ध एफआईआर का आश्वासन दिया है। 

अधिशासी अभियंता (भंडार) छोटेलाल, सहायक अभियंता पुनीत कुमार शर्मा व आशुतोष दीक्षित की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार रात्रि लगभग 8:38 बजे मुख्य अभियन्ता वितरण से जल शक्ति राज्यमंत्री के निजी सचिव संजय निषाद ने फोन पर बात की और कार्यालय पहुंचने को कहा। रात्रि करीब 8:48 बजे संजय निषाद अपने 15 से 20 व्यक्तियों के साथ मुख्य अभियन्ता कार्यालय पहुंचे और कार्यालय में घुस कर सीसीटीवी कैमरा आदि देखने लगे।

वहां मौजूद मुख्य अभियन्ता वितरण आरिफ अहमद, अधिशासी अभियन्ता (भंडार) छोटेलाल, अधिशासी अभियन्ता विद्युत नगरीय वितरण खंड प्रकाश देव एवं अधीक्षण अभियन्ता विद्युत वितरण रजनीश कुमार गुप्ता के मोबाइल फोन को उन्होंने छीन लिया। विरोध करने पर मारपीट की। इस दौरान अधिशासी अभियन्ता छोटेलाल को सिर में चोटें आईं। आरोपियों ने छोटेलाल से कहा गया कि वे सहायक अभियन्ता पुनीत कुमार शर्मा को बुलाएं। फोन से सूचना पर आशुतोष दीक्षित व पुनीत कुमार शर्मा वहां पहुंच गए।

आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। बीच बचाव पर मुख्य अभियन्ता व अन्य अधिकारियों से भी दुर्व्यवहार किया गया। पीड़ित अधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक व कोतवाली में दी गई तहरीर में संजय निषाद के साथ ही रामबाबू निषाद, शिवचली निषाद, मन्दीप तिवारी आदि का नाम लिखा है। पीड़ित आशुतोष दीक्षित ने बताया कि तहरीर दी गई है। पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। मामले की जानकारी प्रमुख सचिव ऊर्जा को भी दी गई है।

ये भी पढ़ें- कानपुर में ABVP के कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प...धक्का-मुक्की, NTA का फूंका पुतला, जिलाधिकारी को ज्ञापन देने जाने से रोकने पर हुए आक्रोशित

संबंधित समाचार