रोजगार के लिए रूस गए गोंडा के युवक की गला रेत कर हत्या, विदेश राज्यमंत्री के प्रयास पर वापस पहुंचा शव
मनकापुर/ गोंडा, अमृत विचार। एजेंट के माध्यम से रोजी-रोटी के लिए रसिया (रूस) देश गए युवक की हत्या कर दी गई। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। केंद्रीय विदेश मंत्री की पहल पर रूस से शव को इंडिया लाया गया।
थाना वजीरगंज के ग्राम चड़ौवा निवासी अली हुसैन एजेंट रवीउल्ला के माध्यम से 6 दिसंबर 2023 को रोजी रोटी के लिए रूस गया था। जहां रसिया कंपनी एलएलसी बुलावा क्षेत्रीय रोस्तोवास्काया माइंस में कपड़े की सिलाई कार्य के लिए भेजा गया था। कंपनी नौ घन्टे कार्य की जगह जबरन सोलह घंटे कार्य ले रही थी। इसका विरोध करने पर कंपनी के लोग मारपीट कर प्रताड़ित करते थे। भर पेट खाना भी नहीं देते थे। जब अली हुसैन वापस घर आने की जिद करने लगा तो 2 जून की रात तीन बजे कंपनी वालों ने अली हुसैन की गला रेत कर हत्या कर दी। पीड़ित पिता मोहम्मद हुसैन ने बताया कि कंपनी में कार्य कर रहे लोगों ने घटना की जानकारी चार जून को दी थी। उसके बाद एजेंट रवीउल्ला से संपर्क करके बेटे के शव को मंगवाने के लिए कहा लेकिन एजेंट ने मना कर दिया। तब 11 जून को केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह को घटना के बारे में अवगत करवाते हुए बेटे का शव मंगवाने के लिए पत्र भेजा था।
मंत्री द्वारा लिखा पढ़ी करने पर रूस से शव शुक्रवार की रात दिल्ली एयरपोर्ट लाया गया जहां से एम्बुलेंस द्वारा शव शनिवार सुबह आठ बजे चड़ौवा गांव पहुंचा। जहां से शव को पैतृक गांव रामापुर लाकर कब्रिस्तान में सुपुर्देखाक कर दिया गया।
ये भी पढ़ें -प्रतापगढ़: किशोरी को अगवा करने के प्रयास और छेड़छाड़ पर सभासद समेत दो भाइयों पर मुकदमा
