मुम्बई में सरोवर में डूबने से प्रतापगढ़ के एकलव्य समेत चार एनसीसी कैडेट्स की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रानीगंज /प्रतापगढ़, अमृत विचार। ट्रैकिंग कर वापस लौटते समय सरोवर में नहाने के दौरान प्रतापगढ़ के एकलव्य समेत चार एनसीसी कैडेट्स की डूबने से मुंबई में मौत हो गई। मौत की खबर पर युवक के पैतृक घर आमापुर बेर्रा में मातम छा गया।

रानीगंज थाना क्षेत्र के आमापुरबेर्रा निवासी 20 वर्षीय एकलव्य सिंह पुत्र उमेश सिंह अपने माता पिता के साथ मुम्बई के नाला सुपारा में रहते थे। वह स्नातक कला संकाय में पढ़ाई के साथ एनसीसी कैडेट भी थे। दो बड़ी बहनों में एकलव्य दूसरे नंबर पर था और अपनी माता-पिता का इकलौता पुत्र था। शुक्रवार को मुंबई में एनसीसी कैंप द्वारा कालेज के एनसीसी से जुड़े छात्र छात्राओं को ट्रैकिंग के लिए मुम्बई में करजत ले जाया गया था। ट्रैकिंग करने के कारण कैडेट्स धूल मिट्टी से गंदे हो गए थे। इस कारण से रायगढ़ के खालापुर में मोरबे बांध के सरोवर में स्नान करने लगे। अचानक एकलव्य गहरे पानी में डूबने लगा। मदद के लिए वह जोर - जोर से चीखने लगा। उसे बचाने के लिए 18 वर्षीय रानाथ बांदा,20 वर्षीय इशांत यादव और 24 वर्षीय आकाश माने पानी में कूद पड़े। 

जानकारी होने पर एनसीसी के अधिकारी पहुंचे। सभी को डूबता देख अधिकारियों ने पानी में छलांग लगा दी। पानी से निकालकर एकलव्य और उसके तीन साथियों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। एकलव्य की मौत से आमापुर बेर्रा गांव में शोक है।

ये भी पढ़ें -बाराबंकी: बाढ़ से निपटने की तैयारियों का डीएम और एसपी ने लिया जायजा-अधिकारियों को दिये निर्देश

संबंधित समाचार