निजी क्लीनिक में विस्फोट : चिकित्सक गंभीर रूप से घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चेहरा, सीना व दोनों हाथ हुए छलनी, ग्रामीण घटना से हैरान, गले नहीं उतर रही पटाखे दगने की बात

बहराइच, अमृत विचार। जिले के जिहुरा माफी में शनिवार को रात एक निजी क्लीनिक में तेज धमाके के साथ विस्फोट हुआ। तो लोग दौड़ पड़े। क्लीनिक में चिकित्सक गंभीर रूप से घायल पड़ा था। उसे तत्काल वाहन पर लादकर मेडिकल कॉलेज लाया गया। चिकित्सकों ने उसकी हालत काफी गंभीर देख भर्ती कर इलाज शुरू किया गया है। चिकित्सक ने पटाखे में विस्फोट बताया है। यह बात लोगों के गले नही उतर रही है। इसकी भनक लगते ही थाने से पुलिस रवाना की गई है। 

जरवलरोड थाने के मुस्तफाबाद निवासी 35  वर्षीय अमित पुत्र प्रेम चंद्र बौंड़ी थाने के जिहुरा माफी गांव में निजी क्लीनिक चलाते है। शनिवार रात लगभग नौ बजे उनकी क्लीनिक में जोरदार धमाके के साथ विस्फोट हुआ। जिसकी चपेट में वह आ गए। उनका चेहरा, सीना व दोनों हाथ घायल हो गए। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े। तो देखा घायल चिकित्सक पड़ा छटपटा रहा था। चिकित्सक ने बड़ी कोशिश कर बताया कि दीपावली पर लाए पटाखे बच गए थे। उसी में विस्फोट हुआ है। घायल चिकित्सक को आनन फानन में वाहन पर लादकर शहर स्थित मेडिकल कालेज लाया गया।

चिकित्सकों को भी घायल ने पटाखे दगने से घायल होना बताया है। उसे तत्काल भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया है। वही पटाखे में विस्फोट की बात लोगों के गले नही उतर रही है। दुर्घटना की जानकारी पुलिस को भी नही दी गई है। बौंड़ी थानाध्यक्ष की दरगाह जेठ मेला में ड्यूटी लगी है। वह रविवार सुबह से दरगाह मेले में है। जैसे ही रविवार दोपहर में उन्हे इसकी भनक लगी उन्होंने तत्काल पुलिस जिहुरा माफी भेजी है। थानाध्यक्ष ज्ञान सिंह ने बताया कि हादसे की रविवार दोपहर में जानकारी मिली है। पुलिस मौके पर भेजी गई है। जांच के बाद ही सही-सही जानकारी मिल सकेगी। 

यह भी पढ़ें:- पुलिस आयुक्त ने संभाला चार्ज : शहर की यातायात व्यवस्था और पुलिसिंग पर प्राथमिकता

 

संबंधित समाचार