लखनऊ : लूट की चेन बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे दो लुटेरे गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

विकासनगर पुलिस को मिली सफलता, डीसीपी उत्तरी ने किया खुलासा

लखनऊ, अमृत विचार।  विकासनगर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने शहर में चेन स्नेचिंग की वारदात अंजाम देने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। चेन लूटने के बाद बदमाश ग्राहक की तलाश में थे। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने दबोच लिया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि दोनों ज्वैलरी कारीगर हैं।

डीसीपी उत्तरी अभिजीत आर शंकर ने मंगलवार को चेन लूट की घटनाओं को खुलासा किया। बताया विकास नगर निवासी जीवंती जोशी पत्नी स्व. जनार्दन जोशी से 9 जून की शाम को स्पेंसर से घर लौटते समय सेक्टर-3 आरएलबी स्कूल के पास एक बाइक से पहुंचे दो बदमाश चेन लूट कर भाग निकले थे। छीना-झपटी में आधी चेन महिला के पास रह गई थी। उन्होंने मामला दर्ज कराया था। पुलिस टीमों ने घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से आरोपियों की पहचान की।

मंगलवार को दोनों चेन स्नेचर के सेक्टर-3 सचिवालय कॉलोनी के पास खड़े होने की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान फैजुल्लागंज मेहंदी लान, मड़ियांव निवासी शिव सोनी और गड़रियापुरवा निवासी अभिषेक सोनी के रूप में हुई। दोनों के पास से लूट की चेन और चोरी की बाइक बरामद की गई है। आरोपियों ने बताया कि वह चेन बेचने के लिये ग्राहक की तलाश में थे। डीसीपी ने बताया दोनों से पूछताछ की जा रही है। शहर में अन्य स्नेचिंग मामलों में भी इनकी संलिप्तता की जानकारी जुटाई जा रही है।

यह भी पढ़ेः Lucknow University: आवेदनों की शुरू हुई स्क्रीनिंग

 

संबंधित समाचार