Ayodhya IT raid: 2.42 करोड़ की ज्वेलरी सील, 7.5 लाख का जुर्माना
सोहावल/ अयोध्या, अमृत विचार। नगर पंचायत खिरौनी के सबसे बड़े बाजार सुचित्तागंज स्थित जिया ज्वेलर्स में मंगलवार की शाम पड़े आयकर विभाग के छापे में बड़ी खामियां मिली हैं। अधिकारियों की कई घंटे चली कार्रवाई में दुकान में मौजूद लगभग 2 करोड़ 42 लाख से ज्यादा की ज्वेलरी सील कर दी गई है। दुकान मालिक इसका कोई दस्तावेज नहीं दे पाया है। विभाग ने इसके एवज में साढ़े सात लाख का जुर्माना लगाने की बात कही है।
बुधवार को इस बाबत पूछे जाने पर छापे की अगुवाई कर रहे विभाग के स्पेशल इन्वेस्टिगेशन ब्रांच अधिकारी प्रकाश यादव ने बताया जांच के दौरान पाया गया की दुकान में पिछले 4 वर्ष से जीएसटी को लेकर कोई टैक्स नहीं जमा किया जा रहा था। लगभग 15 दिन पहले हुई शिकायत के आधार पर मारे गए छापे में लगभग ढाई करोड़ की ज्वेलरी बिना हिसाब किताब के पाई गई। इसकी खरीद का कोई दस्तावेज दुकानदार नहीं दिखा पाया। इसे सील कर दिया गया है। इसके लिए दुकानदार पर साढ़े सात लाख का जुर्माना लगाया गया है। मौके पर जांच के दौरान दर्जन भर से ज्यादा ग्राहकों के भी बयान दर्ज किए गए हैं। पूरी रिपोर्ट को कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को भेजा जा रहा है।
ये भी पढ़ें -अमेठी में चोरी का सामान खरीदने वाला ज्वेलर और शातिर चोर गिरफ्तार
