महिलाएं जो ठान लेती हैं, उसे अवश्य पूरा करती हैं: शिव गोपाल मिश्रा
लखनऊ, अमृत विचार। महिलाएं जो तय कर लेती हैं, वो काम पूरे शिद्दत से करती हैं, यह कहना था आल इंडिया रेलवेमेन्स फेडरेशन के महामंत्री शिव गोपाल मिश्रा का। शुक्रवार को नार्दर्न रेलवे मेन्स यूनियन विद्युत शाखा की ओर से डीआरएम कार्यालय के सभाकक्ष में महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम को वर्चुअल रुप से संबोधित कर रहे …
लखनऊ, अमृत विचार। महिलाएं जो तय कर लेती हैं, वो काम पूरे शिद्दत से करती हैं, यह कहना था आल इंडिया रेलवेमेन्स फेडरेशन के महामंत्री शिव गोपाल मिश्रा का। शुक्रवार को नार्दर्न रेलवे मेन्स यूनियन विद्युत शाखा की ओर से डीआरएम कार्यालय के सभाकक्ष में महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम को वर्चुअल रुप से संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में यूनियन की मान्यता का चुनाव संभावित है, लिहाजा महिलाओं को पूरे मनोयोग से इसमें पूरी ताकत से जुटना होगा। एआईआरएफ के प्रबल संघर्ष के बाद सरकार को रेलकर्मियों को बोनस का ऐलान करना पड़ा। महामंत्री ने कहा कि बोनस मांग दिवस के अवसर पर देश भर में धरना प्रदर्शन में बढ़चढ़ कर महिलाओं ने हिस्सा लिया, वैसे ही आगे भी फेडरेशन के आह्वान पर वो हर कार्यक्रम को कामयाब बनाने के लिए संकल्पित हैं। जहां तक महिलाओं की समस्याओं का सवाल है, जब फैडरेशन व यूनियन उनके साथ है फिर उन्हें कोई मुश्किल नहीं हो सकती।
महामंत्री शिवगोपाल मिश्रा ने कहा कि कोरोना महामारी के बीच जब पूरा देश लाकडाउन में था,उस वक्त भी तमाम मुश्किलों के बावजूद महिलाओं ने अपने काम को पूरी लगन और मेहनत से अंजाम दिया। महिलाओं ने घर,परिवार,बच्चों के साथ ही आफिस के काम को भी उतनी ही प्राथमिकता दी,यही वजह है कि रेल मंत्रालय का प्रदर्शन बेहतर रहा है।
महामंत्री ने कहा कि हम जानते हैं कि महिलाएं जो ठान लेती है, उसे अवश्य पूरा करती है। उन्होंने कहा कि यूनियन की मान्यता के लिए होने वाला चुनाव अब कभी भी हो सकता है, ऐसे में महिलाओं को इस चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी। हमने महिलाओं में संगठन के प्रति उत्साह को देखा है, इस उत्साह को बनाए रखना होगा और मान्यता के चुनाव में पूरी ताकत से हर महिलाओं को जुटना होगा।
इस मौके पर एआईआरएफ की महिला चेयरपर्सन जया अग्रवाल ने भी वर्चुअल कहा कि संगठन को महिलाओं से जो अपेक्षा है, उसे महिलाएं अवश्य पूरा करेंगी, हम अपने लीडरशिप को निराश नहीं होने देंगे। नार्दर्न रेलवे मेन्स यूनियन विद्युत शाखा की पदाधिकारी एवं कार्यक्रम संयोजिका प्रियंका ने इस अवसर पर कहा कि कोरोना के समय सुविधाएं न होने के बावजूद महिलाओं ने अपने काम के साथ संगठन के कार्यों को अच्छी तरह से अंजाम दिया।
इस अवसर पर मंडल युवा संयोजक सुधीर तिवारी, मंडल उपाध्यक्ष राकेश कनोजिया, सहायक मंडल मंत्री संजय श्रीवास्तव, राजेश महाजन, शाखा पदाधिकारी दिनेश शर्मा, देवता पाण्डेय सहित रुचि श्रीवास्तव, इन्दु धूमल, महजबीन आलम, शिवानी सिंह, हिना खान, सुनीता, सीमा आरिफ, हर्षिता, राधिका फरजाना सहित भारी संख्या में महिलाएं मौजूद थी।
