बरेली: एक लाख से अधिक का बिजली बिल जमा नहीं किया तो होगी कुर्की
बरेली,अमृत विचार। बिजली विभाग अब बड़े बकायेदारों के घरों की कुर्की की तैयारी करने की योजना बना रहा है। जिन बकायेदारों पर बिजली बिल के एक लाख रुपये या उससे अधिक की राशि बकाया है उनके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। शहर के चारों डिवीजनों में ऐसे बकायेदारों की सूची तैयार की जा रही …
बरेली,अमृत विचार। बिजली विभाग अब बड़े बकायेदारों के घरों की कुर्की की तैयारी करने की योजना बना रहा है। जिन बकायेदारों पर बिजली बिल के एक लाख रुपये या उससे अधिक की राशि बकाया है उनके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। शहर के चारों डिवीजनों में ऐसे बकायेदारों की सूची तैयार की जा रही है। इसके बाद बड़े बकायेदारों की सूची सदर तहसील के गेट पर चस्पा की जाएगी।
ऊर्जा मंत्री पंडित श्रीकांत शर्मा बिजली का लाइन लॉस कम करने के लिए अधिकारियों के पेंच कस रहे हैं। इसके बाद भी विभाग की सख्ती के बाद लोग बकाया बिल जमा नहीं कर रहे हैं। शहर में 30 हजार बिजली उपभोक्ताओं पर विभाग के करीब 54 करोड़ रुपये बकाया है। इसकी वसूली को लेकर बिजली विभाग ने अभियान भी शुरू कर दिया है। अब एक लाख रुपये से अधिक के बकायेदारों की सूची बनाकर उनके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। इसे लेकर बिजली बिल के बड़े बकायेदारों में हड़कंप मचा हुआ है। इसके साथ ही शहर के बड़े बकायेदारों की सूची बनाकर सदर तहसील के गेट पर चस्पा की जाएगी।
जारी होने लगे नोटिस
उपभोक्ताओं से बिजली बिल की बकाया राशि वसूलने के लिए नोटिस भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। यह नोटिस कुर्की की कार्रवाई के लिए भेजे जा रहे हैं। प्रथम चरण में उन उपभोक्ताओं को नोटिस भेजे जा रहे हैं जिन पर बिजली बिल की बकाया राशि एक लाख रुपये से अधिक है। इसके बाद कम राशि वाले उपभोक्ताओं पर कंपनी सख्ती करेगी।
काटे जा रहे कनेक्शन
बिजली बिल के बकायेदारों पर दबाव बनाने के लिए विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू कर दी है। बकायेदारों के कनेक्शन काटने के साथ ही उपभोक्ताओं से बिल की बकाया राशि भी जमा कराई जा रही है। इसके साथ ही चोरी की बिजली जलाने वाले उपभोक्ताओं पर भी विभाग कार्रवाई कर रहा है।
“24 घंटे बिजली देने के लिए विभाग हर तरह से प्रयास कर रहा है। इसे लेकर उपभोक्ताओं को भी समय से बिजली का बिल जमा करना होगा। फिलहाल उनके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की जा रही है जिन पर बिजली बिल के एक लाख रुपये या उससे अधिक की राशि बकाया है।” -तारिक मतीन, मुख्य अभियंता
