Bareilly News: आज से झमाझम बारिश का अनुमान, 29 जून तक ऑरेंज अलर्ट जारी
बरेली, अमृत विचार। बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। बुधवार को अधिकतम तापमान एक दिन में 10 डिग्री सेल्सियस लुढ़ककर 30.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विभाग ने गुरुवार से 29 जून तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान झमाझम बारिश का अनुमान है। इसके बाद भी 2 जुलाई तक हल्की और तेज बारिश हो सकती है। बीते 24 घंटे में 5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार अभी मानसून आने में दो दिन लग सकते हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून दस्तक दे चुका है। इस दौरान 5-8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आंचलिक मौसम केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सप्ताह भर बारिश होने का अनुमान है। उम्मीद जताई जा रही है कि बरेली में मानसून आने में दो दिन लग सकते हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 28-30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21-24 के बीच दर्ज हो सकता है।
ये भी पढे़ं- बरेली: युवाओं के लिए जल्द मिलेगा प्रोटीन से भरपूर 'एग शेक', वो भी कम दाम में खरीद पाएंगे आप
