राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक : हिंदी हमारी मातृभाषा है जिसे हम नैसर्गिक रूप में प्रकट कर सकते हैं
प्रयागराज। अमृत विचार: मंडल रेल प्रबंधक हिंमाशु बडोनी की अध्यक्षता में गुरुवार को मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक संकल्प सभागार में संपन्न हुई। बैठक में मंडल के सभी वीभगोन के शाखा प्रमुख मौजूद रहे।
बैठक मे मंडल रेल प्रबंधक हिमांशु बडोनी ने राजभाषा की प्रगति पर कहा है कि हिंदी हमारी मातृभाषा है जिसे हम नैसर्गिक रूप में प्रकट कर सकते हैं। राजभाषा हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग सरकारी कामकाज में करने के लिए हमें इसे अपने दैनिक जीवन में बोलचाल की भाषा और व्यवहार में प्रयोग करना होगा, तभी राजभाषा हिंदी के प्रयोग-प्रसार को बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कार्यालय में पत्रों, सारपृष्ठों, फाइलों पर प्रयोग किए जाने वाले वाक्यों आदि में क्लिष्ट हिंदी का प्रयोग न कर सहज रूप से समझ में आने वाले शब्दों का प्रयोग किया जाए ।
उन्होंने कहा कि हिंदी को हमें स्वयं के कर्तव्य के रूप में प्रयोग करना चाहिए न कि किसी दबाव अथवा सुझाव के रूप में हमें राजभाषा हिन्दी बोलते वक्त स्वयं को गौरवान्वित महसूस करना चाहिए क्यूँकि हम भारतीय हैं और भारत आम जनमानस की भाषा हिन्दी है। उन्होंने आगे कहा कि हम सभी को अपने मनोभावों को व्यक्त करने में अपनी भाषा का प्रयोग करना चाहिए और सभी शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिया कि सभी अधिकारी अपने निरीक्षण के दौरान हिंदी प्रगति का भी जायजा लें और पाई गई कमियों को दूर कराने के लिए ठोस कदम उठाएं।
बैठक के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक, इन्फ्रा एवं अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी, नवीन प्रकाश ने प्रयागराज मंडल में राजभाषा हिंदी की प्रगति से सभी शाखाधिकारियों को अवगत कराया। बैठक के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक, सामान्य संजय सिंह एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक, परिचालन, अजय कुमार राय, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, हिमांशु शुक्ला, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी, मनीष कुमार खरे, वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक, राजीव चतुर्वेदी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:-सपा सांसद ने लोकसभा स्पीकर को पत्र लिखकर कहा- संसद से सेंगोल हटाकर लगाएं संविधान की कॉपी
