कानपुर में मानसून की दस्तक; शहर के दक्षिण क्षेत्र में झमाझम बारिश से उफनाईं सड़कें, जलभराव के बाद बजबजाई गंदगी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Shukla
On

कानपुर, अमृत विचार। दिन में दक्षिण क्षेत्र में हुई झमाझम बारिश से लोगों को जहां राहत मिली वहीं उत्तर क्षेत्र में बादल छिड़काव तक ही सीमित रहे। मौसम विभाग की माने तो कानपुर समेत दक्षिण के जिलों में मानसून दस्तक दे चुका है, जल्द ही पूरे प्रदेश में मानसून सेट हो जाएगा। 

शुक्रवार को भीषण गर्मी और उमस से शहरवासी परेशान थे। तापमान भी सुबह से चढ़ता जा रहा था। दोपहर में तापमान 39 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। शाम चार बजे तक आसमान में काली घटाओं का जमघट लगने लगा था। गरज और चमक के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। दक्षिण क्षेत्र में तेज बारिश के चलते सड़कों पर नाली-नाले का पानी उफनाने लगा। तमाम राहगीरों की गाड़ी भी जलभराव में फंसी। 

किदवई नगर, नौबस्ता, जरौली, करही, गोविंद नगर, फजलगंज आदि क्षेत्रों में तेज बारिश से गर्मी में लोगों की राहत मिली तो सड़कों पर हुए जलभराव और बजबजा रही गंदगी के बीच लोगों को काफी परेशानी भी हुई। वहीं दिन में उत्तर क्षेत्र के तमाम हिस्सों में बारिश नहीं लोग गर्मी और उमस से परेशान रहे। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि दिन में स्थानीय स्तर पर मानसूनी बारिश हुई है। 

दिन में चटक धूप के चलते अधिकतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस ऊपर चढ़कर 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया तो न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री नीचे सरककर 24.8 डि.से. रिकार्ड किया गया। सात किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार के चलते उमस है। अधिकतम आर्दता 73 एवं न्यूनतम 44 फीसद रिकार्ड की गई है। 

02 जुलाई तक तेज हवाओं के साथ गरज चमक के बीच स्थानीय स्तर पर बारिश के आसार हैं। प्रदेश के दक्षिण जिलों तक पहुंचा मानसून : मौसम वैज्ञानिक डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि कानपुर समेत प्रदेश के दक्षिण जिलों तक मानसून पहुंच गया है। पूरे प्रदेश को जल्द ही अपनी गिरफ्त में ले लेगा।

यह भी पढ़ें- Farrukhabad New SP: आलोक प्रियदर्शी होंगे फर्रुखाबाद के नए एसपी; 1991 बैच के हैं पीपीएस अधिकारी

 

संबंधित समाचार