प्रतापगढ़: दंपती को गोली मारकर दहशत फैलाने वाले अंतरराज्यीय बदमाश की पुलिस से मुठभेड़

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मानधाता थाना क्षेत्र के हैंसी परजी बीरापुर गांव में हुई थी ताबड़तोड़ फायरिंग 

प्रतापगढ़, अमृत विचार। मानधाता थाना क्षेत्र के हैंसी परजी बीरापुर में शनिवार दोपहर चुनावी खुन्नस में राजेश सिंह और उनकी पत्नी गीता सिंह को गोली मारकर दहशत फैलाने वाले अंतरराज्यीय बदमाश की रविवार की देर रात पुलिस से मुठभेड़ हो गई। जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस उसे उपचार के लिए राजा प्रताप बहादुर अस्पताल ले आई।

मानधाता थाना क्षेत्र के हैंसी परजी बीरापुर निवासी राजेश सिंह के घर पर चुनावी खुन्नस में धावा बोलकर बाइक सवार लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। गोली राजेश सिंह व उनकी पत्नी गीता देवी के पैर में लगी। पिता को बचाने दौड़े बेटे रोहन सिंह के ऊपर हमलावरों ने राड से प्रहार कर घायल कर दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने दो नामजद वह 10 - 12 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।  

एसपी डा. अनिल कुमार के निर्देश के बाद मानधाता पुलिस और स्वाट टीम आरोपियों की तलाश में लग गई।रविवार की रात करीब 12 गजेहड़ी पुलिया के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी। इस बीच घटना में शामिल आरोपी अंतरराज्यीय बदमाश जेठवारा थाना क्षेत्र के सराय नाहर राय गांव निवासी आरोपी वीरेंद्र उर्फ बच्चा यादव और उसके एक साथी को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया लेकिन वह बाइक छोड़कर पैदल ही भागने लगे।

पीछा करने पर पुलिस टीम के ऊपर फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में वीरेंद्र बच्चा यादव के पैर में गोली लग गई,जबकि उसका साथी भागने में कामयाब रहा। गोली लगने से घायल वीरेंद्र उर्फ बच्चा यादव को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मानधाता ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे राजा प्रताप बहादुर अस्पताल लाया गया।

सूचना मिलने पर सीओ रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी,एएसपी पूर्वी दुर्गेश कुमार सिंह अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपी से पूछताछ की। थानाध्यक्ष मानधाता सुभाष यादव ने बताया कि मुठभेड़ में पकड़े गए बच्चा यादव के खिलाफ जेठवारा, मानधाता थाने के अलावा अन्य राज्य में भी कई मुकदमे दर्ज हैं।

यह भी पढ़ें:- लखनऊ : संदिग्ध परिस्थतियों में पांच वानरों की मौत, विसरा सुरक्षित

संबंधित समाचार