अयोध्या: लापता युवक का शव तालाब में मिला
अयोध्या, अमृत विचार। जनपद के तारुन थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह एक युवक की साइकिल और चप्पल क्षेत्र में ही एक तालाब किनारे मिली। जबकि युवक का शव तालाब में पाया गया। युवक शुक्रवार की रात साइकिल लेकर घर से निकला था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। घटना को लेकर क्षेत्र …
अयोध्या, अमृत विचार। जनपद के तारुन थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह एक युवक की साइकिल और चप्पल क्षेत्र में ही एक तालाब किनारे मिली। जबकि युवक का शव तालाब में पाया गया। युवक शुक्रवार की रात साइकिल लेकर घर से निकला था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। घटना को लेकर क्षेत्र में हलचल है।
तारुन थाना क्षेत्र के गांव पंचायत गौरा मजरे शिवनाथ निवासी किसान ओमप्रकाश वर्मा का पुत्र आशीष वर्मा शुक्रवार की रात साइकिल लेकर कहीं जाने के लिए निकला था, लेकिन रात में वह वापस घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। शनिवार की सुबह क्षेत्र के ही रामदासपुर प्राथमिक विद्यालय के निकट स्थित एक तालाब साइकिल और चप्पल को पड़ा हुआ देखा। मामले की खबर फैली तो परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए और साइकिल तथा चप्पल युवक के होने की बात कही। इसके बाद इलाकाई पुलिस ने मौके पर पहुंच जाल डलवा कर शव की तलाश कराई और बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
क्षेत्राधिकारी बीकापुर अजय कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी पर तारुन थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। मौत की वजह जानने के लिए पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्राथमिक पड़ताल में पता चला है कि युवक अपने भाई की मौत को लेकर मानसिक रूप से अवसाद में चल रहा था।
पखवारे पूर्व फंदे से लटका मिला था भाई का शव
मृतक आशीष वर्मा का भाई जितेंद्र गुजरात शहर के मोरबी जिले में प्राइवेट नौकरी करता था और वहीं पर कमरा लेकर रह रहा था। लगभग एक पखवाड़े पूर्व भाई जितेंद्र का शव उसके ही कमरे में फंदे से लटका पाया गया था। जितेंद्र के बाद संदिग्ध हाल में आशीष वर्मा की मौत में परिवार को झकझोर दिया है। दो बेटों की मौत से पूरा परिवार सदमे में है।
