बरेली: जोगीठेर में पूर्व प्रधान का शव दुकान में फंदे पर लटका मिला, हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भाई ने गांव के ही चार लोगों के खिलाफ दी तहरीर

बरेली/अलीगंज, अमृत विचार। गांव जोगीठेर के पूर्व प्रधान का शव मंगलवार को दुकान में फंदे पर लटका मिला। अलीगंज थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके से साक्ष्य एकत्र किए। वहीं, पूर्व प्रधान के भाई ने गांव के ही चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हैंगिंग आई है। वहीं, आरोपी पक्ष ने गंभीर आरोप लगाए हैं।

अलीगंज के जोगीठेर निवासी राजकुमार उर्फ भूरे ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके बड़े भाई सुरेंद्र (46) गांव के पूर्व प्रधान थे। सुरेंद्र की परचून की दुकान गांव में ही है। आरोप है गांव के ही दो लोग मंगलवार को सुबह साढ़े चार बजे उनके घर पर आए और सुरेंद्र से कुछ सामान मांगा। सुरेंद्र सामान देने के लिए आरोपियों के साथ चले गए। 

आरोपी सुरेंद्र को अपने घर ले गए और वहीं पर गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव दुकान में लटका कर फरार हो गए। राजकुमार के अनुसार सुबह छह बजे जब वह दुकान पर पहुंचे तो देखा कि दुकान का दरवाजा टूटा हुआ था। अंदर सुरेंद्र का शव गमछा के सहारे पंखे से लटका था। सुरेंद्र के भाई जालिम सिंह ने बताया कि करीब 20 दिन पहले सुरेंद्र ने एक लाख रुपये एक आरोपी को दिए थे। वे लोग रुपये देने से मना कर रहे थे। इसी बात को लेकर सुरेंद्र से विवाद हो गया था।

दूसरा पक्ष बेटी को लेकर थाने पहुंचा, दुष्कर्म का आरोप लगाया
राजकुमार उर्फ भूरे ने बताया कि दूसरे पक्ष ने उनके भाई सुरेंद्र पर झूठा आरोप लगाया है। आरोप है कि हत्या के बाद एक आरोपी अपनी बेटी को लेकर थाना अलीगंज पहुंच गया और सुरेंद्र के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद जांच की जाएगी। जांच के आधार पर कार्रवाई होगी-अजय कुमार, एसओ थाना अलीगंज

ये भी पढ़ें- बरेली: अनाथ लड़कियों ने मुख्यमंत्री से लगाई गुहार...अनाथालय से उन्हें न हटाया जाए

संबंधित समाचार