बरेली: प्रेम विवाह के दो साल बाद फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आंवला, अमृत विचार : प्रेम विवाह करने वाली एक महिला का शव संदिग्ध अवस्था में पंखे से लटका हुआ मिला। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य जुटाए। आंवला के नगरिया देहजब्ती निवासी सूरजपाल ने बताया कि उसके दो बेटे हैं। छोटे बेटे अमरसिंह ने दो साल पहले दिल्ली में प्रेम विवाह किया था, वह गुजरात में काम करता है। उसकी पत्नी उमा उर्फ पूजा (25) गांव में रहती है। कुछ माह पहले उसने एक बेटी को जन्म दिया था, जिसकी मौत हो गई। 

मंगलवार को अमरसिंह घर आने को था, जिसका परिजन इंतजार कर रहे थे। उन्होंने बताया कि सोमवार को उसका बड़ा बेटा तेजपाल, उसकी पत्नी गीता और बच्चे सुमित सालिनी ढकपुरा लभारी में एक शादी में गए थे। घर पर वह उसकी पत्नी रोशन देवी और बहू पूजा थी। पत्नी की तबीयत खराब होने पर वह बहू से खिचड़ी बनाने की कहकर रामनगला में दवा दिलाने चला गया। करीब 1:30 बजे वापस लौटने पर पूजा का कमरा बंद था। उसने कई बार आवाज दीं। परंतु अंदर से कोई आवाज नहीं आई। उसने मोहल्ले के अन्य लोगों को बुलाकर कमरे की छत की टीन हटाकर देखा तो पूजा का शव साड़ी से पंखे पर लटका हुआ मिला।

मृतका की हथेली पर लिखा था लव यू अमर सिंह
पूजा का शव जब पुलिसकर्मियों ने उतारा तो उसकी सीधी हथेली पर लव यू अमर सिंह लिखा हुआ था,परिजनों ने बताया कि उन्हें पूजा की लेफ्ट अथवा राइट हैंड से लिखने की जानकारी नहीं है। परिजनों ने बताया कि पूजा के पास मोबाइल था, पुलिस ने कमरे की छानबीन की तो वह नहीं मिला। ग्रामीणों ने बताया कि अमरसिंह का परिवार दिल्ली में रहकर काम करता था। वहां की पूजा से अमरसिंह को प्यार हो गया। दोनों ने दिल्ली में ही शादी कर ली। तीन साल पहले अमरसिंह परिवार के साथ गांव लौट आए। पत्नी को गांव में छोड़कर वह गुजरात में काम करने लगा। वह रिश्तेदारी में बुधवार को दावत में शामिल होने के लिए मंगलवार को आने वाला था। परंतु तब तक यह घटना हो गई।

घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। मृतका के पति के आने पर कुछ पता चल सकेगा। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के उपरांत अग्रिम कार्रवाई की जाएगी- वीरेश कुमार इंस्पेक्टर आंवला

ये भी पढ़ें-बरेली: अनाथ लड़कियों ने मुख्यमंत्री से लगाई गुहार...अनाथालय से उन्हें न हटाया जाए

संबंधित समाचार