टनकपुर: नाबालिग लड़की का अपहरण कर गैंगरेप, तीन आरोपितों में से दो गिरफ्तार, एक फरार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

टनकपुर, अमृत विचार। चम्पावत जिले में जघन्य घटना सामने आई है। टनकपुर-चम्पावत राष्ट्रीय राजमार्ग से लगे अमोड़ी क्षेत्र के तीन युवकों ने एक नाबालिग लड़की का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि तीसरा आरोपी फरार है। चम्पावत के कोतवाल प्रताप सिंह नेगी ने बताया कि पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

चम्पावत जिले के दूरस्थ गांव की एक नाबालिग लड़की का तीन युवकों ने पहले अपहरण किया और फिर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 137, 127, 142, 70, 74 और पॉक्सो के तहत रबीश भट्ट, संजय भट्ट और योगेश थुवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

तीनों आरोपित अमोड़ी क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने रबीश भट्ट और योगेश भट्ट को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि तीसरा आरोपित युवक योगेश थुवाल अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। पीड़िता को मेडिकल कराने के लिए भेजा गया है। साथ ही पुलिस आरोपितों को कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है। मामले की जांच एसआई राधिका भंडारी को दी गई है।