Unnao: अनियंत्रित होकर ट्रक झोपड़ी पर पलटा, मां व दो बेटों की मौत, आरोपी चालक फरार, तलाश में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव, अमृत विचार। बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र अंतर्गत संडीला बांगरमऊ मार्ग पर देर रात चावल से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित झोपड़ी पर पलट गया। इस दौरान झोपड़ी में सो रहे मां व उसके दो बेटे ट्रक के नीचे दब गये। घटना में मां समेत दोनों बेटों की दर्दनाक मौत हो गयी। स्थानीय लोगों ने सूचना पुलिस को दी। 

घटना की सूचना पर हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक हटवाया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेजा है। सूचना पर सीओ समेत अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है। पुलिस ट्रक चालक की तलाश कर रही है।

बता दें, बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र के पुराने थाने के पास संडीला बांगरमऊ मार्ग के किनारे सरला (35) पत्नी राजकुमार झोपड़ी में मिठाई की दुकान चलाती थी। सरला इसी झोपड़ी में अपने दोनों बेटों के साथ रहती भी थी। देर रात सरला अपने बेटे विक्की (13) और एक अन्य 15 वर्षीय बेटे के साथ झोपड़ी के अंदर सो रही थी। इस दौरान चावल से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर झोपड़ी के ऊपर ही पलट गया। 

हादसे में मां व दोनों बेटों की ट्रक के नीचे दबकर दर्दनाक मौत हो गयी। ट्रक के पलटने की सूचना पर आसपास के घरों में मौजूद लोग बाहर निकले उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद सीओ बांगरमऊ अरविंद चौरसिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्रेन की मदद से ट्रक को हटाया, जिसके बाद उसके नीचे दबे मां और बेटों के शवों को निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है। एक साथ तीन मौतों की सूचना पर हड़कंप मच गया। पुलिस ट्रक चालक की तलाश कर मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- Kanpur Crime: क्राइम ब्रांच की साइबर सेल में तैनात 22 पुलिस कर्मी किए गए लाइन हाजिर...विभाग में हो रही तरह-तरह की चर्चाएं

 

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज