बहराइच: गोला बनाते समय मकान में विस्फोट, महिला और बच्चा बेहोश
मोतीपुर/ बहराइच, अमृत विचार। जिले के झाला गांव निवासी एक ग्रामीण के यहां गुरुवार को गोला बनाते समय विस्फोट हो गया। जिसके चलते मकान में बीच से छेद हो गया। पड़ोस के लोग भी विस्फोट की जद में आ गए। एक महिला और बच्चा घायल होकर बेहोश हुए है। जिनका इलाज चल रहा है।
मोतीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत झाला निवासी भुट्टू के मकान में आतिशबाजी का गोला बनाने का काम होता है। गुरुवार को गोला बनाते समय मकान में विस्फोट हो गया। जिसके चलते मकान में बीच में छेद हो गया और आधा हिस्सा धराशाई हो गया। वहीं पड़ोस में रहने वाले अशफाक के मकान को भी नुकसान पहुंचा है। उनके मकान में गोले के टुकड़े कई जगह गिरे हैं। विस्फोट होने से पड़ोसी अशफाक के यहां शादी का कार्यक्रम भी बाधित हो गया। सभी में दहशत फैल गई। नानपारा से आए रिश्तेदार रईस ने बताया कि विस्फोट काफी तगड़ा था। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पूरी घटना की जांच चल रही है। वहीं विस्फोट के बाद एक महिला और बालक बेहोश हुआ है। जिनका इलाज चल रहा है। तहसीलदार अंबिका चौधरी भी पुलिस टीम के साथ जांच के लिए मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष दद्दन सिंह ने बताया कि गोला सुखाने के दौरान कुछ गोले दगे हैं। इनके पास आतिशबाजी बनाने का लाइसेंस भी है।
दो लोगों की हो चुकी है मौत
झाला गांव में लगभग एक वर्ष पूर्व गोला बनाते समय विस्फोट हुआ था। जिसमें दो लोगों की मौत हुई थी। जबकि पांच लोग घायल हुए थे। इतना ही नहीं तीन मकान भी पूरी तरह जमींदोज हो गए थे।
ये भी पढ़ें -श्रावस्ती में सम्पूर्णता अभियान कार्यक्रम का शुभारम्भ, गर्भवती महिलाओं की हुई गोद भराई
