Unnao Theft: चोरों ने घर से नगदी व जेवर समेत उड़ाया लाखों का माल...छत के रास्ते से हुए थे दाखिल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में चोरों ने घर से नगदी व जेवर समेत उड़ाया लाखों का माल

उन्नाव, अमृत विचार। अजगैन कोतवाली क्षेत्र के संभर खेड़ा गांव में देर रात पीछे की दीवार से छत में पहुंचे चोरों ने कमरे में रखी आलमारी और बक्सा का ताला तोड़ कर लाखों की कीमत के जेवर और 27 हजार की नगदी पार कर दी। इस दौरान घर के सभी लोग बरामदे में सो रहे थे। सुबह उठने पर घर का सामान फैला देख परिजनों को घटना की जानकारी हुई। गृहस्वामी की तहरीर पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की है। 

कोतवाली क्षेत्र के संभरखेड़ा गांव निवासी महेंद्र  व विमलेश साहू पुत्र रामपाल का पुस्तैनी घर गांव के अंदर है। उन्होंने दूसरा घर गांव के बाहर बनवाया है। जिसमे वह परिवार के साथ रहते है। उनके मुताबिक पुराना घर गांव में आबादी के बीच होने की वजह से उनका कीमती सामान यहीं रखा है। 

शनिवार दोनों भाई अपने परिवार के साथ पुराने घर में थे। बारिश होने की वजह वह लोग वहीं रुक गये। रात में खाना खाने के बाद सभी घर के बाहर बरामदे में सो गये। देर रात पीछे की दीवार से छत पहुंचे चोर जीने से नीचे उतरे और उन्होंने  घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। 

चोरों ने कमरे में रखी महेंद्र और विमल की आलमारी व बक्से का ताला तोड़ दिया और उसमें रखे लाखों की कीमत के जेवर और 27 हजार की नगदी पार कर दी। सुबह उठने पर मुख्य दरवाजा अंदर से बंद देख उन्हे शक हुआ तो वह पड़ोसी की छत से अपने कमरे में पहुंचे।  

जहां अलमारी से कीमती जेवर गायब देख उनके होश उड़ गये। चोर अपने साथ एक बक्सा भी उठा ले गये थे। जो गांव के बाहर खेत में पड़ा मिला है। एसएचओ अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। घटना की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें- कानपुर पुलिस ने 25 हजार के इनामी टप्पेबाज को किया गिरफ्तार: शातिर के निशाने पर रहते फौजी...ऐसे करता पूरा खेल

संबंधित समाचार