बरेली: ऑनलाइन उपस्थिति के विरोध में शिक्षक संगठन एकजुट, कल निकालेंगे आक्रोश रैली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शिक्षक नेता बोले- शिक्षकों पर जबरन थोपी जा रही है यह व्यवस्था, बर्दाश्त नहीं

बरेली,अमृत विचार। परिषदीय स्कूलों में सोमवार से ऑनलाइन उपस्थिति को लागू किया जा रहा है। इसके विरोध में तमाम शिक्षक संगठन एकजुट हो गए हैं। उन्होंने सोमवार को इस आदेश के विरोध में आक्रोश रैली निकालने का एलान किया है। इस दौरान मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा जाएगा। रैली दोपहर तीन बजे नेहरू युवा केंद्र से शुरू होकर कलेक्ट्रेट पर पहुंचेगी। इसमें संगठनों के पदाधिकारी शामिल होंगे। शिक्षक नेताओं का कहना है कि ऑनलाइन उपस्थिति को किसी भी दशा में स्वीकार्य नहीं किया जाएगा। शिक्षकों पर जबरन यह व्यवस्था थोपी जा रही है।

ऑनलाइन उपस्थिति के मुद्दे पर शिक्षक नेताओं के अलग अलग तर्क

ग्रामीण क्षेत्र की सड़कें बदहाल हैं। बरसात में आए दिन गांवों की सड़कें जलमग्न हो जाती हैं। इस कारण शिक्षकों को स्कूल पहुंचने में देरी होती है। इस संबंध में कोर्ट में याचिका दायर की जा रही है। -भानु प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष, यूटा

ऑनलाइन उपस्थिति को लेकर सभी जिलों से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा जाएगा। यह आदेश शिक्षकों की छवि के विरुद्ध वातावरण बनाने की मंशा से जारी किया गया है। 
-प्रियंका शुक्ला, जिलाध्यक्ष, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ

ऑनलाइन उपस्थिति के विरोध में शिक्षक, शिक्षामित्र और अनुदेशक सभी एकजुट हैं। जब तक पदोन्नति आदि मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक इस आदेश को स्वीकार नहीं किया जाएगा।   - सत्येंद्र पाल सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, यूटा

महानिदेशक का यह आदेश शिक्षा हित के लिए किसी भी तरह से हितकारी नहीं। इसके विरोध में यदि सड़कों पर धरना और आंदोलन प्रदर्शन करना पड़ा तो किया जाएगा।
-नरेश गंगवार, प्रदेश उपाध्यक्ष, प्राथमिक शिक्षक संघ

ऑनलाइन उपस्थिति की व्यवस्था अनुचित है। शिक्षक दूर- दराज के क्षेत्रों से नियमित रूप से स्कूल पहुंचते हैं, लेकिन बरसात, ठंड आदि की वजह से कई बार शिक्षकों को देरी हो जाती है। -डॉ. विनोद कुमार शर्मा, मंडल अध्यक्ष, पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ

यह भी पढ़ें: लखनऊ: डॉक्टरों की लापरवाही से महिला और गर्भस्थ शिशु की मौत

संबंधित समाचार