शाहजहांपुर: भाई की शादी में शामिल होने जा रही बहन...सड़क हादसे में मौत, बेटा और देवर घायल
शाहजहांपुर, अमृत विचार। कटरा रोड-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर सोमवार को गुनारा के सामने तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक महिला का देवर और बेटा घायल हो गया। जिन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक चालक ने घंटी बजने पर जैसे की मोबाइल जेब से निकालकर कान में लगाने की कोशिश की, तभी बाइक डिवाइडर से टकरा गई।
हरदोई के थाना पचदेवरा के गांव पतिउरा निवासी 35 वर्षीय शीला पत्नी रिंकू का मायका मीरानपुर कटरा के गांव इंदेपुर में है। जहां सोमवार को उसके चचेरे भाई सतीश का तिलक समारोह था और मंगलवार को बारात जानी है। महिला भाई के मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए देवर रोहित के साथ बाइक पर बैठकर मायके जाने के लिए निकली थी। साथ में उसने 12 वर्षीय बेटे विवान को भी ले लिया और बड़े बेटे ऋषभ को घर पर उसके पिता रिंकू के पास छोड़ दिया।
दोपहर करीब एक बजे बाइक गांव गुनारा के पास पहुंची, तभी रोहित ने चलती बाइक पर मोबाइल जेब से निकालकर बात करने के लिए कान से लगाया, तभी बाइक असंतुलित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में शीला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि देवर और बेटा घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर भीड़ लग गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के साथ ही घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां से दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। घटना के बाद से मायके और ससुराल पक्ष के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं महिला के मायके में भाई की शादी और तिलक की खुशियां मातम में बदल गईं।
