'एक पेड़ मां के नाम': एक ही दिन में लगाए जाएंगे 36.46 करोड़ पौधे, UP में इस दिन बनेगा बड़ा रिकॉर्ड 

Amrit Vichar Network
Published By Jagat Mishra
On

लखनऊ, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत प्रदेश को इस साल 36.46 करोड़ से अधिक पेड़ लगाने का लक्ष्य मिला है। इस लक्ष्य को हर हाल में आगामी 20 जुलाई को पूरा करें। इसके लिए विभागवार व जिलेवार लक्ष्य निर्धारित किया जाए।

सीएम योगी ने मंगलवार ने 'पेड़ लगाओ-पेड़ बचाओ जन अभियान-2024' की समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा, प्रदेश में पौधरोपण अभियान अब जनांदोलन का स्वरूप ले चुका है। बीते छह साल में 168 करोड़ से अधिक पौधे रोपित किए जा चुके हैं। जिनमें 2017-18 में 5.72 करोड़, 2018-19 में 11.77 करोड़, 2019-20 में 22.60 करोड़, 2020-21 में 25.87 करोड़, 2021-22 में 30.53 करोड़, 2022-23 में 35.49, 2023-24 में 36.16 करोड़ पौधरोपण किए गए।

लगेंगे 36.46 करोड़ से अधिक पौधे
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 20 जुलाई को 36.46 करोड़ से अधिक पौधे लगेंगे। सभी मंत्री अपने प्रभार वाले जिले में रहकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों व आमजन के साथ मिलकर पौधरोपण करें।

अभियान के लिए तैयार किए गए हैं 54.20 करोड़ पौधे
पौधरोपण जनअभियान के लिए पर्यावरण, वन व जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा 54.20 करोड़ पौधे तैयार किए गए हैं। इनकी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। पौधरोपण स्थलों की जियो टैगिंग की जाए।

लाभार्थियों को दें सहजन का पौधा 
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को सहजन का पौधा उपलब्ध कराएं और आंगनबाड़ी केंद्रों में सहजन का पौधा  लगाया जाए। यह पौधा कुपोषण से बचाव में काफी कारगर साबित होता है।

ये भी पढ़ें -हाथरस हादसा: मायावती ने SIT रिपोर्ट पर उठाया सवाल, कहा-ये राजनीति से प्रेरित

संबंधित समाचार