बरेली: मिशन शक्ति अभियान के योद्धाओं को किया सम्मानित
बरेली, अमृत विचार। मिशन शक्ति अभियान के पहले चरण के कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने कहा कि हमें कन्याओं की पूजा नवरात्रों के दिन में ही नही बल्कि हर दिन करनी चहिए। उन्होंने कहा कि हमारे देश में बेटियों और बेटों में भेदभाव की वर्षों से चली आ रही …
बरेली, अमृत विचार। मिशन शक्ति अभियान के पहले चरण के कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने कहा कि हमें कन्याओं की पूजा नवरात्रों के दिन में ही नही बल्कि हर दिन करनी चहिए। उन्होंने कहा कि हमारे देश में बेटियों और बेटों में भेदभाव की वर्षों से चली आ रही परंपरा को समाप्त करना होगा। इस अवसर पर मिशन शक्ति योद्धाओं को सम्मानित किया गया।
उन्होंने कहा कि आज हमारे देश की बेटी केवल घर गृहस्थी संवारनें में ही नही बल्कि हर एक क्षेत्र में पुरुषों से आगे निकल रही हैं। शिक्षा हो या व्यापार सभी क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही है। सभी को यह संकल्प लेना है कि नारी शक्ति के इस मिशन शक्ति अभियान को हमें दूर- दूर तक ले जाना है। पूरे समाज की जिम्मेदारी है कि महिला के साथ कोई अत्याचार न हो। वूमेन पावर हेल्पलाइन नम्बर 1090 तथा अन्य महिला सहायता की हेल्पलाइनों के नंबर पहुंच गए हैं, इसका लाभ निश्चित रूप से महिलाओं को मिलेगा। इसकी जिम्मेदारी महिला पुलिस कर्मियों की सबसे अधिक है।
नगर विधायक डॉ. अरुण कुमार ने मिशन शक्ति अभियान की सराहना की। महापौर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि महिलाओं को अपनी क्षमता एवं शक्ति को पहचान कर समाज में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। जिलाधिकारी नितीश कुमार ने कहा कि जनपद में ‘आपरेशन कायाकल्प’ के अन्तर्गत पिछले एक वर्ष से भी कम समय में 1500 प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालायों का सौंदर्यीकरण कराया गया है। इन स्कूलों की कक्षाओं में टॉयल लगाए गए हैं। इन स्कूलों में अब स्वच्छ पेयजल, टॉयलेट, खेल मैदान उपलब्ध हैं। उन्होंने घोषणा की कि अगले चैत्र नवरात्र तक जिले की एक हजार आंगनबाड़ी केन्द्रों का सौंदर्यीकरण कर दिया जाएगा।
इसके साथ ही 100 एएनएम केंद्रों का भी सौंदर्यीकरण कर दिया जाएगा। करीब 200 ग्राम पंचायतों में उन्होंने पुस्तकालय स्थापित कर दिया गया हैं। जहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पुस्तकें और पत्रिकाएं उपलब्ध हैं। पुस्तकों को बेचने की जगह बजाए पुस्तकालयों में दान कर दें। देश में महिलाएं अपने आप को सुरक्षित महसूस करें, इसके लिये हमें इनकी सुरक्षा के लिये कड़े बन्दोबस्त करने होगें। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने प्रशस्ति पत्र वितरित मिशन शक्ति अभियान में सराहनीय सेवाएं देने वालों को सम्मानित किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष संजय सिंह, मुख्य विकास चन्द्र मोहन गर्ग, जिला प्रोबेशन अधिकारी नीता अहिरवार आदि मौजूद रहे।
