गोंडा: बिसुही नदी के उफान में बाइक समेत बह गए चाचा-भतीजा, तलाश में जुटे गोताखोर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बभनजोत/गोंडा, अमृत विचार। मामा की बेटी की शादी में शामिल होने जा रहे चाचा-भतीजा मंगलवार की रात बाइक समेत बिसुही नदी के तेज उफान की चपेट‌ में आकर पानी में बह गए‌। बुधवार की सुबह उनकी बाइक नदी से बरामद की गयी। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश में जुटी है। वहीं इस घटना से दोनों के परिवार में कोहराम मचा है‌। परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं। घटना की सूचना पुलिस के आला अधिकारियों को दे दी गयी है‌। एएचओ का कहना है कि लापता लोगों की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम बुलाई गयी है।  

बस्ती जिले के सोनहा थाना क्षेत्र के पनन कुंइया गांव के रहने वाले दिनेश कुमार गौतम (35) के मामा मंगल प्रसाद की बेटी की शादी मंगलवार को थी। मामा की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए दिनेश अपने भतीजे सूरजभान (13) के साथ मंगलवार की शाम को खोड़ारे थाना क्षेत्र के लक्ष्मीनगर स्थित अपने मामा के घर जाने के लिए बाइक से निकले थे। खोड़ारे थाना क्षेत्र के अमवा घाट पुल को पार करते समय वह सड़क पर बह रहे पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गए‌ और बाइक समेत नदी में गिर गए। 

32 (6)

सुबह जब रिश्तेदारी के लोगों ने तलाश शुरू की तो उनकी बाइक नदी से बरामद हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से उन्हे तलाशने की कोशिश की लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल सका। एसएचओ मनोज पाठक ने बताया कि घटना की सूचना आला अफसरों को दी गयी है। एनडीआरएफ की टीम बुलाई गयी है, लापता लोगों की तलाश की जा रही है। 

ये भी पढ़ें -श्रावस्ती: ट्रैक्टर से टकराकर बाइक में लगी आग, एक महिला सहित नेपाल के तीन नागरिकों की मौत

संबंधित समाचार