युवती का अपहरण कर किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मां के साथ थाने पहुंची युवती ने आरोपी के खिलाफ दर्ज कराई एफआईआर, पुलिस ने आनन-फानन को आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल

लखनऊ/मलिहाबाद, अमृत विचार। माल थाना अंतर्गत एक युवक छात्रा को अपने साथ बाइक में बैठकर शहर लेकर गया। जहां उसने एक किराए के मकान में छात्रा से दुष्कर्म किया। छात्रा के शोर मचाने पर आरोपी उसे मारने-पीटने लगा। किसी तरह आरोपी के चंगुल से बचकर घर पहुंची छात्रा ने परिजनों को आपबीती सुनाई। इसके बाद छात्रा की मां उसे लेकर सम्बन्धित थाने पहुंची। जहां उसने आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत देते हुए दुष्कर्म की धारा में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

प्रभारी निरीक्षक राजेश त्रिपाठी के मुताबिक, क्षेत्र की रहने वाली महिला ने भट्ठा नबीपनाह गांव निवासी मोहम्मद नसीम के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई है। लिखित शिकायत में महिला ने बताया कि गत 08 जुलाई को आरोपी उसकी बेटी (19) को बहला-फुसलाकर बाइक में बैठाकर अपने साथ शहर लेकर गया था। जहां, वह बेटी को किराए के मकान में लेकर पहुंचा। महिला का आरोप है कि नसीम ने उनकी बेटी को बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। बेटी के शोर-मचाने व चीखने चिल्लाने पर वह उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मारने-पीटने लगा।

हालांकि, किसी तरह अगले दिन बेटी आरोपी के चंगुल से बचकर घर पहुंची। जहां उसने परिजनों को आपबीती सुनाई। इसके बाद महिला ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा है। तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की धारा में एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए सीएचसी माल में भेजा गया है।

यह भी पढ़ें :- लखनऊ : नशीला पदार्थ पिलाकर संविदाकर्मी ने किया दुष्कर्म

 

संबंधित समाचार