Banda: प्राथमिक विद्यालय ब्रह्माडेरा व चटचटगन में डीएम ने लगाई चौपाल...ग्रामीणों को बाढ़ राहत व दैवीय आपदा से बचाव के बताए तरीके
बांदा में प्राथमिक विद्यालय ब्रह्माडेरा व चटचटगन में डीएम ने लगाई चौपाल
बांदा, अमृत विचार। जिलाधिकारी ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों को बाढ़ राहत व दैवीय आपदा से बचाव के उपायों की जानकारी दी। कहा कि बचाव से बाढ़ व दैवीय आपदा में जनहानि काफी हद तक कम हो सकती है। उन्होंने ग्रामीणों को पशुओं का टीकाकरण और जीओ टैग करवाने की नसीहत दी।
जिलाधिकारी नगेंद्र प्रताप की अध्यक्षता में बडोखर खुर्द ब्लाक अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय ब्रम्हाडेरा व प्राथमिक विद्यालय चक चटगन में बाढ राहत चौपाल आयोजित हुई। ग्रामीणों को चौपाल में बाढ़ और दैवीय आपदा, आकाशीय विद्युत गिरने एवं सर्पदंश से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
कहा कि बाढ़ आने पर घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थान, बाढ चौकियों में पहुंचने के लिए जागरूक करने के साथ बिजली चमकने के समय पेड के नीचे एकत्र न होने तथा पक्के घर के नीचे जाने की सलाह दी गयी। कहा कि पशुओं का टीकाकरण एवं जीओ टैग लगवाएं।
सीडीओ वेद प्रकाश मौर्य ने बताया कि बाढ के समय प्रशासन द्वारा दी जा रही जानकारी को गम्भीरता से लेते हुए समय से सुरक्षित स्थानों पर जायें और आवश्यक सामान को ऊंचे स्थानों पर रख लें। उन्होंने बताया कि बाढ़ से बचाव के लिए नाविक, गोताखोर, नॉव, मोटर वोट आदि की व्यवस्था की गयी है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा बाढ की स्थिति में जीवन रक्षक दवायें तथा क्लोरीन टेबलेट, ओआरएस आदि का वितरण बाढ राहत शिविरों में किया जायेगा तथा खाद्यान सामग्री भी दी जायेगी। एडीएम राजेश कुमार ने कहा कि बाढ़ की स्थिति में ग्राम प्रधानों द्वारा डिग्गी पिटवाकर समय से ग्रामीणों को सूचना दी जाए।
बाढ़ राहत कैंपों में जाने के लिए जागरूक करें। इस मौके पर एसडीएम सदर रजत वर्मा, जिला विकास अधिकारी रामशंकर, जिला पशुधन अधिकारी डाॅ. विजय सहित दैवीय आपदा अधिकारी तथा संबंधित अधिकारी व चटगन ग्राम प्रधान बादल निषाद व तमाम ग्रामीण उपस्थित रहे।
