Chitrakoot Accident: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार पति की मौत, पत्नी घायल...ससुराल में शादी समारोह से लौट रहे थे
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार पति की मौत
चित्रकूट, अमृत विचार। ससुराल में शादी समारोह से शामिल होकर गुरुवार को पत्नी के साथ घर लौट रहे किसान की बाइक को यमुना रोड के पास ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे वह बाइक समेत ट्रक के नीचे चला गया, जबकि पत्नी छिटककर दूर जा गिरी। पति की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक में फंसी बाइक और शव को मशक्कत के बाद निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, कौशांबी जिले के मवई मजरा कनैली थाना सराय अकिल निवासी रामअभिलाष सिंह उर्फ बबलू सिंह पटेल (50) पुत्र स्व. रामादीन सिंह पत्नी गीता के साथ बबेरू (बांदा) में शादी समारोह में गया था। गुरुवार सुबह लौटते समय लगभग साढ़े आठ बजे यमुना रोड पर जायसवाल ढाबे के पास पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।
इससे रामअभिलाष बाइक समेत ट्रक के अंदर चला गया जबकि गीता छिटककर दूर जा गिरी। ट्रक में फंसे अधेड़ की मौत हो गई। पत्नी गीता बाल बाल बची। गीता की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दंपति के दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं, जो घटना की खबर पाकर मौके पर पहुंच चुके थे।
उधर, इंचार्ज थाना प्रभारी इमरान खान ने घटनास्थल पर पहुंच कर ट्रक के अंदर फंसी बाइक व शव को बड़ी मशक्कत के साथ निकलवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा। बताया कि मृतक की पत्नी गीता देवी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है।
ये भी पढ़ें- Kanpur में BJP पार्षद ने किया अनोखा प्रदर्शन...जलकल अफसरों की घी-गुड़ से पूजा, उतारी आरती, अधिकारी कुर्सी छोड़कर भागे
