बरेली: LLB और LLM की प्रवेश परीक्षा में नए कानूनों के सवाल पूछे, अभ्यर्थी बोले- आसान था पेपर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की एलएलबी, एलएलएम और एमएड की प्रवेश परीक्षा गुरुवार को विश्वविद्यालय परिसर और मुरादाबाद के केजीके और हिंदू कॉलेज में दो पालियों में हुई। परीक्षा में 80 फीसदी अभ्यर्थी उपस्थित रहे। परीक्षा में 1 जुलाई से लागू भारतीय न्याय संहिता समेत तीन नए कानूनों से जुड़े सवाल भी पूछे गए। अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र आसान बताया है, जिससे मेरिट हाई जाने की संभावना है।

एलएलबी की प्रवेश परीक्षा में अधिकांश अभ्यर्थियों के लिए इंग्लिश और हिंदी का सेक्शन आसान रहा। एलएलबी में पंजीकृत 4084 में से 3330 छात्रों ने प्रवेश परीक्षा दी। वहीं एलएलएम के 954 छात्रों में से 822 छात्र प्रवेश परीक्षा में बैठे। इसके अलावा एमएड के 818 छात्रों में से 650 छात्रों ने प्रवेश परीक्षा दी। पीलीभीत समेत कुछ क्षेत्रों के बच्चे बाढ़ की वजह से नहीं पहुंच सके। वहीं सुबह बारिश की वजह से भी कुछ छात्र देरी से पहुंचे। इसकी वजह से आधा घंटे की देरी से पहुंचने वाले छात्रों को प्रवेश दे दिया गया।

क्या बोले छात्र
एलएलबी की परीक्षा में नए कानून से जुड़े दो से तीन सवाल आए हैं। वहीं सामान्य ज्ञान के प्रश्न कुछ कठिन थे। महिला कमिशन से जुड़े सवाल भी पूछे गए। -उन्नति सिंह, संजयगर

एलएलएम की परीक्षा में जुलाई से लागू नए कानूनों के बारे में भी सवाल किए गए। परीक्षा से पहले दोनों कानूनों के बारे में पढ़ाई की थी। -हर्षित शंखधर, शाजहांपुर

इस बार पेपर बहुत आसान आया था। एलएलबी के प्रश्नपत्र में हिंदी, व्याकरण और कानून के जुड़े हुए सवाल काफी आसान आए। -अनीशा, किला

पेपर आसान था। राजनीति विज्ञान के प्रश्नों में कुछ परेशानी हुई लेकिन हिंदी और अंग्रेजी बहुत ही आसान थी। -बुशरा, रुद्रपुर

पहले से ही तैयारी कर रखी थी। आसान प्रश्नपत्र होने की वजह से कट ऑफ हाई रह सकती है। नई कानून से जुड़े प्रश्न भी पूछे गए। -सुमन, नवाबगंज

थोड़ी बहुत सामान्य अध्ययन में मुश्किल रही, लेकिन हिंदी और अंग्रेजी के प्रश्नपत्र आसान थे।इस बार कट ऑफ हाई रह सकती है। -मुकेश, पूरनपुर

संबंधित समाचार