बरेली: बारिश के बीच जिले में फिर से डेंगू की दस्तक, एडी हेल्थ संक्रमित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बारिश के बीच जिले में डेंगू ने फिर से दस्तक दे दी है। अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य (एडी हेल्थ) डॉ. पुष्पा पंत डेंगू संक्रमित मिलने पर अफसरों में खलबली मच गई है। तीन महीने के बाद डेंगू का नया मामला सामने आया है।

अफसरों के अनुसार एडी हेल्थ को कई दिन से बुखार, शरीर में दर्द समेत अन्य समस्या थी। उन्होंने दो दिन पहले रेपिड कार्ड से जांच कराई तो वह पॉजिटिव पाई गईं। इसपर एडी हेल्थ ने बुधवार को जिला अस्पताल में सैंपल भिजवाकर एलाइजा जांच कराई। गुरुवार को आई रिपोर्ट में वह डेंगू संक्रमित मिलीं। हालांकि, उनकी हालत स्थिर है। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद जिला अस्पताल प्रबंधन ने आईडीएसपी को रिपोर्ट भेजकर सूचना दे दी है।

जनवरी से मार्च तक 14 लोगों में हुई थी डेंगू की पुष्टि
आईडीएसपी से मिली रिपोर्ट के मुताबिक 2024 में जनवरी से मार्च तक 14 लोगों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। बीते तीन माह से डेंगू के मरीज सामने नहीं आए थे, लेकिन गुरुवार को एडी हेल्थ की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। डेंगू को लेकर आईडीएसपी सतर्क हो गई है।

निगरानी के बाद भी नए मलेरिया रोगी मिल रहे
लंबे समय से स्वास्थ्य विभाग डेंगू और मलेरिया से बचाव को लेकर जिले में अभियान चला रहा है, इसके बाद भी मलेरिया के नए रोगी लगातार सामने आ रहे हैं। जिले में मलेरिया रोगियों की संख्या चार सौ के पार पहुंच चुकी है। बारिश के बाद जलभराव के कारण घरों में मच्छरों के लार्वा पनप रहे हैं। इस वजह से भी रोगियों की संख्या बढ़ रही है।

मलेरिया के रोगियों की सूचना न देने पर निजी अस्पतालों पर होगी कार्रवाई
बारिश के बाद मलेरिया और डेंगू का प्रकोप बढ़ने की आशंका है। इसको लेकर अभी से निगरानी की तैयारी है। निजी अस्पतालों को डेंगू और मलेरिया के मरीजों की सूचना स्वास्थ्य विभाग को देनी होगी। ऐसा न करने वाले अस्पतालों पर कार्रवाई होगी। सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह के अनुसार इस संबंध में जल्द आईएमए को पत्र भेजा जाएगा। गत वर्ष मलेरिया और डेंगू की जानकारी न देने पर शहर के कई निजी अस्पतालों को नोटिस जारी किया गया था। इसलिए, इस बार पहले से ही निगरानी के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। निजी अस्पतालों को नोटिस जारी कर इस संबंध में जानकारी तुरंत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जाएंगे।

लार्वा खोजने के लिए घरों में टीमों की दस्तक
जिले में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एक जुलाई से चल रहा है, लेकिन बारिश थमने के बाद घरों में लार्वा खोजने के लिए गुरुवार से दस्तक अभियान शुरू हो गया। टीमें घर घर जाकर लोगों को मलेरिया और डेंगू से बचाव की जानकारी दे रही हैं। जिला मलेरिया अधिकारी सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जिले में 3200 टीमें पूर्व में ही गठित कर दी गई थीं। ये टीमें ब्लॉकों में घरों में जाकर लार्वा खोजने के साथ लोगों को जागरूक कर रही हैं।

डेंगू के लक्षण होने पर एडी हेल्थ ने जिला अस्पताल में एलाइजा जांच कराई थी। गुरुवार को अस्पताल प्रशासन ने रिपोर्ट पॉजिटिव आने की सूचना दी है। -डॉ. मीसम अब्बास, सीनियर एपिडिमियोलॉजिस्ट, आईडीएसपी

ये भी पढ़ें- बरेली: रामगंगा खतरे के निशान के पार...100 से ज्यादा गांवों तक पहुंचा पानी, ग्रामीणों की सांसें गले में अटकीं

संबंधित समाचार