अयोध्या: पावर कॉरपोरेशन ने चलाया अभियान, कामर्शियल में बदले गए पांच हजार घरेलू कनेक्शन
अयोध्या, अमृत विचार। अब घरेलू कनेक्शन से कॉमर्शियल प्रयोग करने वाले उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन को कॉमर्शियल किया जा रहा है। पावर कॉरपोरेशन ने इसके लिए अभियान भी शुरू कर दिया है। जिले के तीनों जोन में हर महीने 115 से 120 कनेक्शन कॉमर्शियल में बदले जा रहे हैं। जिले में इस महीने अब तक 81 कनेक्शनों को बदला गया है। अब तक पांच हजार से अधिक कनेक्शन कॉमर्शियल किए जा चुके हैं। गौरतलब है कि बड़ी संख्या में लोगों ने घरेलू कनेक्शन ले रखे हैं जिसका इस्तेमाल कामर्शियल तौर पर किया जा रहा है। खासकर शहरी क्षेत्र में गलियों में, घरों में खुली दुकानों और अन्य व्यवसाय वाले इसका प्रयोग धड़ल्ले से कर रहे हैं।
जिले भर में घरेलू प्रयोग से दुकानों पर भी बिजली का प्रयोग किया जा रहा है। इससे पावर कॉरपोरेशन के राजस्व को नुकसान होने के साथ ओवरलोडिंग की समस्या भी बन रही है। इसके अलावा लाइन लॉस और ट्रिपिंग समेत अन्य समस्याओं से भी पावर कार्पोरेशन को जूझना पड़ रहा है। खास कर एक से दो किलो वाट के कनेक्शन पर पांच किलो वाट तक की बिजली का उपभोग किया जा रहा है। अब ऐसी दुकानों को पावर कॉरपोरेशन की टीम द्वारा चिह्नित कर उनका बिजली कनेक्शन कॉमर्शियल किया जा रहा है। इसके साथ ही अलग से भी कनेक्शन जारी किए जा रहे हैं। हर महीने इसके लिए अभियान चलाया जा रहा है। हर महीने लगभग 120 कनेक्शन कॉमर्शियल किए जा रहे हैं, इसमें शहरी और ग्रामीण क्षेत्र दोनों शामिल हैं। वहीं इस महीने में तीनों सर्किल में अब 81 कनेक्शन कॉमर्शियल किए गए हैं।
ये भी पढ़ें -हरदोई: बाढ़ से घिरी फसल बचाने पहुंचे युवक की रामगंगा में डूब कर मौत
