मुरादाबाद : पीतल कारोबारी की चाकू से गोदकर दर्दनाक हत्या, आरोपी ने भी तोड़ा दम
मुरादाबाद। कटघर थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक बजे उधारी के पैसे देने के बहाने घर का दरवाजा खुलवाकर घुसे बदमाशों ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर पीतल कारोबारी की हत्या कर दी। घंटों तक लहूलुहान शव घर में ही पड़ा रहा। वारदात में घायल एक हमलावर ने भी अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतक की 13 वर्षीय बेटी ने सो रही अपनी मां को जगाया। इसके बाद शोर मचाने पर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना पर डीआईजी मुनिराज जी मौके पर पहुंच गए। पुलिस 13 वर्षीय बेटी को घटना का चश्मदीद मानकर जांच कर रही है। मृतक कारोबारी के पिता की शिकायत पर पुलिस ने दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के गाड़ीखाना निवासी अनिल चौधरी (30) पीतल कारोबारी हैं। उनकी फर्म में दो और पार्टनर हैं। अनिल अपनी पत्नी तन्नू चौधरी और दो बेटियों के साथ गाड़ीखाना स्थित मकान में रहते थे। अनिल के भाई सोनू ने बताया कि थाना क्षेत्र के बीच होली का मैदान निवासी आमोद के मकान में बहजोई का मोहित किराये पर रहता था। शनिवार रात एक बजे आमोद और मोहित उधारी का पैसे देने के बहाने घर पहुंचे। अनिल ने जैसे ही दरवाजा खोला आरोपी चाकू से ताबड़तोड़ वार करते हुए कमरे तक ले गए। अनिल लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े, उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के समय अनिल की आवाज सुन 13 वर्षीय बेटी जाग गई। बेटी ने मां को यह कहकर जगाया कि मम्मी...मम्मी पापा को चाकू से मार दिया है। अनिल की पत्नी तन्नू के शोर मचाने पर दोनों आरोपी भाग खड़े हुए। घटना में चाकू लगने से घायल हमलावर आमोद गुप्ता के लिए एंबुलेंस को फोन करने के बाद दूसरा हमलावर मोहित मौके से फरार हो गया। अस्पताल में आमोद गुप्ता (45) ने भी दम तोड़ दिया। डीआईजी मुरादाबाद रेंज ने बताया कि मृतक की 13 वर्षीय बेटी ने सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान की है। घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने हमलावर मृतक आमोद और मोहित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मामले में अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
ये भी पढे़ं : मुरादाबाद : शाखा प्रबंधक और सहयोगी को सीबीआई ने गिरफ्तार कर जेल भेजा
