कानपुर में 25 साल से सड़क पर बह रहा सीवर: 50 हजार लोग परेशान, क्षेत्रवासी बोले- पार्षद बदले, विधायक, सांसद बदले लेकिन यहां की समस्या नहीं बदली
पानी बरसने पर तालाब हो जातीं बस्तियां, नारकीय जीवन जी रहे
कानपुर, अमृत विचार। शहर में वैसे तो कई मोहल्ले सीवर समस्या से त्रस्त हैं लेकिन, परमपुरवा के कई बच्चे इसी समस्या को झेलते-झेलते जवान हो गये हैं। परमपुरवा क्षेत्र में बनी इंडेन गैस एजेंसी के सामने 25 वर्षों से सीवर भर रहा है। यहां की अधिकांश सीवर लाइने चोक हैं या पड़ी ही नहीं हैं। जिसकी वजह से समस्या जस की तस है।
पार्षद बदले, विधायक, सांसद बदले लेकिन यहां की समस्या नहीं बदली। इसके साथ ही दो वार्डों से घिरे क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक मोहल्लों में भी यह समस्या है। क्षेत्रीय नागरिक नई सीवर लाइन डालने की मांग कर रहे हैं लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है।
परमपुरवा क्षेत्र में रानी कुंवर का हाता, तोतापुरवा, जालपा नगर, छोटी मस्जिद, छोटी जुही, मोसना नगर, मिर्जागढ़ फैक्ट्री के पीछे और भारतीय गैस गोदाम के पास सीवर की भयंकर समस्या है। घरों का सीवर यहां सड़क पर बहता रहता है। सीवर लाइने चोक होने और नालों में पानी जाने का स्त्रोत न बना होने के चलते समस्या बढ़ती जा रही है।
अगर बरसात हो जाती है तो शुलभ शौचालय से भारतीय गैस गोदाम और पुलिस चौकी जाने वाला रास्ता तालाब में परिवर्तित हो जाता है। क्षेत्र में रहने वाले आसिम ने बताया कि तोतापुरवा में लोगों के घरों में सीवर हमेशा भरा रहता है। गंदगी के बीच ही लोग खाना बनाने व रहने को मजबूर हो गये हैं। बरसात में तो निकलना दूभर हो जाता है।
दो वार्डों में बंटा क्षेत्र, स्थानीय परेशान
परमपुरवा क्षेत्र में बनी बस्तियां दो वार्डों में बंटी हैं। इसका कुछ हिस्सा वार्ड 93 गोविंद नगर भाजपा पार्षद नवीन पंडित व दूसरा हिस्सा वार्ड 16 जुही भाजपा पार्षद विद्या वर्मा के अधिकार में आता है। जालपा नगर में रहने वाले अजय कुमार ने बताया कि दोनों ही पार्षद समस्या से अवगत हैं। लेकिन, इसका उपाय क्या होगा कोई नहीं बताता। उन्होंने बताया कि पूर्व पार्षद ने एक बार सीवर लाइन बिछवाने का प्रयास किया पत्थर भी लगवाया गया लेकिन उसके बाद कुछ नहीं हो सका है।
सीवर व जलभराव से परेशान हैं। बरसात में इतना पानी सड़ांध मारता है कि यहां से निकल नहीं सकते। कोई सुनवाई नहीं हो रही है।- अशर हाशमी, छोटी मस्जिद
बरसात के बाद यहां बीमारियां पैर पसारती हैं। संक्रमण से लोग परेशान रहते हैं। मच्छर पनपते हैं जिससे लोग बुखार की चपेट में आ जाते हैं।- अखिलेश प्रजापति, छोटी जूही
