Unnao Crime: भतीजे से विवाद के बाद वृद्ध की हालत बिगड़ी...मौत, बहू ने गला दबाकर हत्या करने का लगाया आरोप
बहू ने भतीजे पर लगाया गला दबाकर हत्या करने का आरोप, पुलिस ने शव का कराया पोस्टमार्टम
उन्नाव, अमृत विचार। आसीवन थानाक्षेत्र के उदशाह गांव में वृद्ध की मौत हो गई। बहू ने पारिवारिक भतीजे से विवाद में गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। जिसमें ह्रदय गति रुकने से मौत की पुष्टि हुई। बिसरा सुरक्षित कर लिया गया है।
आसीवन थानाक्षेत्र के उदशाह गांव निवासी रामचरण (72) पुत्र स्व. धरमू खेती किसानी करता था। जमीनी विवाद की खुन्नस के चलते रामचरण का पारिवारिक भतीजा पिंटू पुत्र काली अक्सर उससे विवाद करता था। तीन साल पहले रामचरण के बेटे बबलू ने गांव की युवती शशि से शादी की थी। पिंटू इसका भी विरोध करता था।
बबलू रेलवे कोच बनने वाली फैक्ट्री में नौकरी करने की वजह से बाहर रहता है। बहू शशि के मुताबिक भतीजा पिंटू शनिवार देर रात नशे की हालत में घर पहुंचा और उसके ससुर रामचरण से फिर विवाद करने लगा। भतीजे से विवाद के दौरान वृद्ध की हालत बिगड़ी और उनकी मौत हो गई।
बहू शशि के मुताबिक वह कई बार मारपीट भी कर चुका है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। इसमें उसकी मौत ह्रदय गति रुकने से होने की बात सामने आई है। विसरा भी सुरक्षित किया गया है। पति की मौत से पत्नी राजरानी और अन्य परिजन बेहाल हैं। एसओ ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि बहू ने आरोप लगाए है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
