प्रयागराज: अभद्र व्यवहार करने पर देवरिया के जिलाधिकारी स्थानांतरित, अधिवक्ताओं ने सीएम योगी को दिया धन्यवाद
प्रयागराज, अमृत विचार। बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश ने प्रदेश के समस्त अधिवक्ताओं की ओर से प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अधिवक्ता समाज के प्रति सकारात्मक रुख अपनाते हुए देवरिया के जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह को तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित करने पर धन्यवाद ज्ञापित किया है। सरकार की इस पहल से अधिवक्ताओं के मध्य सरकार की छवि और अधिक मजबूत हुई है।
दरअसल अधिवक्ताओं के प्रति देवरिया के जिलाधिकारी के व्यवहार को लेकर अधिवक्ताओं के मध्य रोष व्याप्त था, जिसके कारण वह विगत कई दिनों से न्यायिक कार्य से विरत चल रहे थे। उक्त प्रकरण के निस्तारण के लिए बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष मधुसूदन त्रिपाठी व सदस्य हरिशंकर सिंह और अरुण कुमार त्रिपाठी की एक विशेष जांच समिति गठित की गई। समिति के सदस्यों द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के आधार पर बार एसोसिएशन, देवरिया की कार्यकारिणी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से तत्काल जिलाधिकारी का स्थानांतरण करने का अनुरोध किया, जिससे प्रदेश के न्यायिक व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके। जिलाधिकारी के स्थानांतरण के बाद बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष शिवकिशोर गौड़ ने देवरिया के अधिवक्ताओं से अविलंब हड़ताल समाप्त कर न्यायिक कार्य पर पुनः लौटने की अपील की है।
ये भी पढ़ें -हमारे मकान...वोटर आईडी और हमारा दिया वोट सब अवैध...तो हमने जिन्हें मतदान कर चुना वो भी.. लखनऊ में लगे पोस्टर
