सपा नेता के भाई की संदिग्ध हालात में मौत , हत्या की जताई जा रही आशंका
अमृत विचार, उन्नाव। सदर कोतवाली क्षेत्र के दरोगा बाग मोहल्ला निवासी सपा नेता के भाई की संदिग्ध परिस्थितियों में उसके परिचित के घर में मौत हो गई। सपा नेता ने भाई की मौत पर संदेह जताते हुए पुलिस को जानकारी दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत सिर पर आई चोटों (हेड इंजरी) से होने की बात सामने से आई है। पुलिस तहरीर के आधार पर जांच पड़ताल कर रही है।
बता दें सदर कोतवाली क्षेत्र के दरोगाबाग सिविल लाइन निवासी सपा नेता व व्यापारी शैलेंद्र सिंह पुत्र स्व. वासुदेव सिंह का छोटा भाई देवेंद्र (50) कल्याणी मोहल्ला निवासी एक टायल कारोबारी के यहां काम करता था। शैलेंद्र ने बताया शनिवार रात वह करीब नौ बजे उसके दोस्त आवास विकास कालोनी निवासी प्रापर्टी डीलर राजन श्रीवास्तव के वाहन चालक सुधीर के बेटे देवेंद्र को लेकर गया था। रात तक घर नहीं लौटने पर उसकी पत्नी गीता ने फोन मिलाया। इस पर देवेंद्र ने उसे आवास विकास में होने की बात बताई और थोड़ी देर में घर लौटने की बात कही, लेकिन बाद में उसका फोन स्विच आफ हो गया।
.jpg)
रात करीब 1:40 बजे निराला उद्यान सिविल लाइन में रहने वाले राजन के भांजा अभिषेक व भांजी ने उसे करंट लगने से देवेंद्र की मौत और शव अस्पताल में रखा होने की जानकारी दी। बदहवास परिजन अस्पताल पहुंचे और शव देख कर बिलख उठे। गर्दन और सिर पर चोट के निशान देख कर उन्हे हत्या का संदेह हुआ। परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। तहरीर पर पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में मौत हेड इंजरी से होने की बात सामने आई है, सिर पर चोट के निशान मिले हैं, जो हत्या किए जाने की ओर इशारा कर रहे हैं। दिवंगत तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। एसएचओ प्रमोद कुमार मिश्रा ने बताया तहरीर मिली है, फोरेंसिक टीम जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें -उन्नाव में धूमधाम से मनाई गई भगवान जगन्नाथ जी की छठी, भंडारे का हुआ आयोजन
